प्रेम-प्रसंग के शक में युवक ने पड़ोसी को मारी गोली, बहन पर भी बरसाईं गोलियां
Spread the love

हरिद्वार। झबरेड़ी कलां गांव में शनिवार सुबह गोलीकांड से सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, एक युवक ने अपनी बहन के प्रेम-प्रसंग के शक में पड़ोस में रहने वाले युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने अपने घर पहुंचकर सगी बहन पर भी गोली चला दी। घटना में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान अमन के रूप में हुई है। उसे अपनी बहन रूपा और पड़ोस में रहने वाले मुन्ना उर्फ सूरज के बीच प्रेम-प्रसंग का शक था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच करीब एक वर्ष पहले भी विवाद हुआ था। पुलिस मामले में पुरानी रंजिश समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह मुन्ना अपने घर में सो रहा था। इसी दौरान अमन तमंचा लेकर उसके घर पहुंचा और उस पर गोली चला दी। गोली लगने से मुन्ना उर्फ सूरज की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने घर पहुंचा और कथित तौर पर अपनी बहन रूपा पर भी गोलियां चला दीं।

गोली लगने से रूपा गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन और आसपास के लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गांव में सुरक्षा बढ़ा दी गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस घटना के कारणों, पुराने विवाद और आरोपी के पास हथियार पहुंचने सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। गांव में फिलहाल पुलिस बल तैनात है।

रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAYAVANI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *