टिहरी के चार खिलाड़ियों ने बढ़ाया उत्तराखंड का मान, अंडर-19 हॉकी में टीम रही उपविजेता
Spread the love

मुनि की रेती / टिहरी। बेंगलुरु के शांतिनगर हॉकी स्टेडियम में 19 से 21 सितंबर 2026 तक आयोजित सीआईएससी नेशनल गेम्स 2026 के तहत राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में उत्तराखंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का स्थान हासिल किया और सिल्वर मेडल अपने नाम किया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में उत्तराखंड को पंजाब के हाथों हार का सामना करना पड़ा, लेकिन पूरी प्रतियोगिता में टीम का खेल सराहनीय रहा।

इस उपलब्धि में जनपद टिहरी गढ़वाल के चार युवा खिलाड़ियों की अहम भूमिका रही। टिहरी के श्रीयांश बिजल्वाण, चैतन्य प्रजापति, सार्थक रांगड़ और अग्रिम डोभाल का चयन उत्तराखंड की अंडर-19 हॉकी टीम में हुआ था। चारों खिलाड़ी मुनि की रेती स्थित ओंकारानंद सरस्वती स्कूल में कक्षा 11वीं के छात्र हैं। उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान अनुशासन, टीम भावना और शानदार खेल कौशल का परिचय दिया।

कोच और खेल प्रेमियों के अनुसार चारों खिलाड़ियों ने डिफेंस और अटैक दोनों में संतुलित प्रदर्शन किया। उनकी फिटनेस और मैदान पर सूझबूझ ने कई मौकों पर टीम को संकट से बाहर निकाला। टिहरी जैसे पर्वतीय जिले से राष्ट्रीय स्तर पर चार खिलाड़ियों का एक साथ चयन अपने आप में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

खिलाड़ियों की इस सफलता से टिहरी गढ़वाल में खुशी की लहर है। स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और क्षेत्र के खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इन युवाओं ने जिले की खेल प्रतिभा को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है।

जानकारी के अनुसार 28 सितंबर 2026 को चारों खिलाड़ियों के साथ उनके कोच को भी सम्मानित किया जाएगा। सम्मान समारोह में उनके प्रदर्शन की सराहना कर आगामी प्रतियोगिताओं के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

टिहरी के इन युवा खिलाड़ियों की सफलता से क्षेत्र के अन्य बच्चों को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि सही प्रशिक्षण और सुविधाएं मिलने पर उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों से और भी प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर चमक सकती हैं।

रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAYAVANI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *