Spread the loveदेहरादून। गांधी जयंती के तीन दिवसीय लॉन्ग वीकेंड, ऋषिकेश में गंगा राफ्टिंग दोबारा शुरू होने और चारधाम यात्रा के सुचारू संचालन के बीच उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन क्षेत्रों में वाहनों का दबाव बढ़ गया है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए देहरादून और ऋषिकेश पुलिस ने यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए वैकल्पिक रूट और डायवर्जन प्लान सक्रिय किया है। ऋषिकेश में बढ़ा वाहनों का दबाव ऋषिकेश में यातायात का दबाव अधिक होने की स्थिति में हरिद्वार और देहरादून की ओर से आने वाले वाहनों को शहर के मुख्य मार्गों पर भेजने के बजाय वैकल्पिक रास्तों से निकाला जा रहा है। इसके लिए नेपाली फार्म, रायवाला, नटराज चौक, ढालवाला और भद्रकाली बाईपास जैसे मार्गों का इस्तेमाल किया जा रहा है। तपोवन और शिवपुरी की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक व्यवस्था रखी गई है। हरिद्वार की ओर से आने वाले वाहनों को सप्तऋषि, रायवाला, नेपाली फार्म, श्यामपुर चौकी और नटराज चौक होते हुए भद्रकाली बाईपास की तरफ भेजा जा सकता है। यहां से वाहन तपोवन तिराहा, ब्रह्मपुरी और शिवपुरी की ओर जा सकेंगे। देहरादून-मसूरी मार्ग पर भी वैकल्पिक व्यवस्था मसूरी और चकराता जाने वाले पर्यटकों के लिए देहरादून पुलिस की ओर से परिस्थितियों के अनुसार वैकल्पिक यातायात व्यवस्था रखी गई है। डोईवाला की ओर से आने वाले वाहनों के लिए मोखमपुर फ्लाईओवर और कैलाश अस्पताल क्षेत्र से जोगीवाला की ओर जाने वाले मार्ग का इस्तेमाल किया जा सकता है। वाहनों का दबाव बढ़ने पर नाथूवाला मार्ग और नेपाली फार्म ट्राई-जंक्शन जैसे वैकल्पिक रास्तों का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। वहीं, मसूरी से ऋषिकेश या हरिद्वार की ओर लौटने वाले वाहनों को पुराने राजपुर रोड, किरसाली चौक, मालदेवता और थानो रोड की ओर डायवर्ट करने की व्यवस्था रखी गई है। इसका उद्देश्य देहरादून शहर के प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त यातायात दबाव को कम करना है। पर्यटकों से अपील पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें और सड़क किनारे वाहन खड़े करने से बचें। यात्रा के दौरान पुलिसकर्मियों और यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। लॉन्ग वीकेंड के दौरान पर्यटन स्थलों पर जाने वाले यात्रियों को संभव हो तो भीड़ वाले समय से बचते हुए यात्रा करने और रवाना होने से पहले यातायात की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है। रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAYAVANI Post Views: 5 Post navigation 135 दिन से धरने पर लैब टेक्नोलॉजिस्ट, सरकार को 20 दिन का अल्टीमेटम उत्तराखंड की अंतिम मतदाता सूची जारी, 71.58 लाख मतदाता दर्ज