देवप्रयाग। उत्तराखंड के देवप्रयाग क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही वैगनआर कार ग्राम पाली के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि भारतीय सेना के जवान सहित तीन लोग घायल हो गए। पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 5:40 बजे कार संख्या HR-68 C-1242 देवप्रयाग से लगभग चार किलोमीटर आगे श्रीनगर की ओर ग्राम पाली स्थित रिवर व्यू कैफे एंड रेस्टोरेंट के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार में चालक सहित पांच लोग सवार थे। वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गया।
घायल फौजी ने दिखाई हिम्मत, खुद पहुंचकर दी सूचना
हादसे के बाद भारतीय सेना के जवान उत्तम सिंह गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद खाई से पैदल ऊपर आए। उन्होंने सड़क किनारे स्थित होटल पहुंचकर लोगों को दुर्घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर देवप्रयाग पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
पुलिस टीम ने घायल जवान उत्तम सिंह के साथ सुनीता देवी और 18 वर्षीय टीशा रावत को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला। तीनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), बागी देवप्रयाग पहुंचाया गया। हादसे के बाद घायल सुनीता देवी को रेस्क्यू कर खाई से बाहर निकालने का वीडियो भी सामने आया है।
हादसे में दो की मौत
इस दुर्घटना में सत्येश्वरी देवी (72) और कार चालक अनिल की मौत हो गई। दोनों मृतक चमोली जिले के निवासी बताए गए हैं। हादसे के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम शवों को खाई से बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान में जुटी रही।
घायलों और मृतकों का विवरण
घायल
- उत्तम सिंह (33 वर्ष): पुत्र मोहन सिंह, निवासी ग्राम लाडोली, रुद्रप्रयाग। भारतीय सेना के जवान।
- सुनीता देवी (45 वर्ष): पत्नी लक्ष्मण सिंह रावत, निवासी ग्राम बीना, थाना एवं जिला रुद्रप्रयाग।
- टीशा रावत (18 वर्ष): पुत्री लक्ष्मण सिंह रावत, निवासी ग्राम बीना, थाना एवं जिला रुद्रप्रयाग।
मृतक
- सत्येश्वरी देवी (72 वर्ष): पत्नी हुकम सिंह चौहान, निवासी किमखाल, थाना कर्णप्रयाग, जिला चमोली।
- अनिल (कार चालक): पुत्र सुदर्शन, निवासी किमोली/पारतोली, जिला चमोली।
देवप्रयाग क्षेत्र में हुए इस हादसे के बाद दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
