पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में बुधवार, 21 अक्टूबर को यात्रियों से भरी गढ़वाल मोटर ओनर्स यूनियन (GMOU) की बस सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। बस में चालक समेत करीब 30 लोग सवार थे। गनीमत रही कि खाई में गिरने के दौरान बस एक पेड़ से टकराकर रुक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना में एक-दो यात्रियों को हल्की चोटें आने की जानकारी है। किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
प्रेशर पाइप फटने से अनियंत्रित हुई बस
जानकारी के अनुसार, GMOU की हिमगिरी बस बुधवार दोपहर करीब एक बजे कोटद्वार से पौड़ी-श्रीनगर के लिए रवाना हुई थी। दुगड्डा और गुमखाल के बीच भदालीखाल के पास अचानक बस का प्रेशर पाइप फट गया। इसके बाद बस आगे नहीं बढ़ सकी। सड़क पर पीछे की ओर ढलान होने के कारण बस अनियंत्रित हो गई और बाईं ओर स्थित खाई में जा गिरी।
खाई में गिरते समय बस एक पेड़ से टकराकर रुक गई। इससे बस की गति थम गई और उसमें सवार यात्रियों को बड़ी अनहोनी से बचा लिया गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को निकाला
बस दुर्घटना की सूचना मिलते ही दुगड्डा चौकी, गुमखाल चौकी और कोतवाली लैंसडौन से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिए जाने से राहत मिली। एक-दो यात्रियों को हल्की चोटें आने की जानकारी सामने आई है। किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
बड़ा नुकसान होने से बचा
भदालीखाल के पास हुआ यह हादसा गंभीर रूप ले सकता था, क्योंकि बस में करीब 30 यात्री सवार थे। बस का पेड़ से टकराकर रुक जाना यात्रियों के लिए राहत भरा रहा। घटना के बाद क्षेत्र में हलचल मच गई।
रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAYAVANI
