उत्तराखंड के 206 मदरसों में अब शुक्रवार को नहीं होगी छुट्टी! शिक्षा विभाग ने दिए कार्रवाई के निर्देश

उत्तराखंड के 206 मदरसों में अब शुक्रवार को नहीं होगी छुट्टी! शिक्षा विभाग ने दिए कार्रवाई के निर्देश
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड में शिक्षा विभाग से मान्यता प्राप्त और मान्यता के लिए आवेदन करने वाले 206 मदरसों की साप्ताहिक छुट्टी की व्यवस्था में बदलाव की तैयारी है। अब इन मदरसों में शुक्रवार के बजाय अन्य विद्यालयों की तरह निर्धारित साप्ताहिक अवकाश व्यवस्था लागू करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण ने इस संबंध में शिक्षा विभाग को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

शिक्षा महानिदेशक को भेजा गया पत्र

राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. सुरजीत सिंह गांधी के अनुसार, कुछ मदरसे शिक्षा विभाग से मान्यता प्राप्त होने के बावजूद शुक्रवार को साप्ताहिक अवकाश रख रहे थे। इस व्यवस्था के संबंध में शिक्षा महानिदेशक को पत्र भेजा गया है, ताकि संबंधित मदरसों में निर्धारित शैक्षिक नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।

प्राधिकरण का कहना है कि शिक्षा विभाग से मान्यता लेने वाले मदरसों को निर्धारित शैक्षिक नियमों और मानकों के अनुरूप संचालन करना होगा।

नियमों का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई

प्रारंभिक शिक्षा निदेशक कुंवर सिंह रावत ने स्पष्ट किया कि जिन मदरसों को विद्यालय के रूप में मान्यता दी गई है, उन्हें राजकीय विद्यालयों में लागू नियमों का पालन करना होगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इस व्यवस्था का असर उन मदरसों पर भी पड़ सकता है, जो शिक्षा विभाग से मान्यता प्राप्त करने की प्रक्रिया में हैं।

मुख्यधारा की शिक्षा व्यवस्था से जोड़ने पर जोर

प्राधिकरण के अनुसार, इस कदम का उद्देश्य मदरसा शिक्षा को निर्धारित शैक्षिक मानकों के अनुरूप लाना और विद्यार्थियों को मुख्यधारा की शिक्षा व्यवस्था से जोड़ना है। आने वाले समय में संबंधित विभागों की कार्रवाई के बाद यह स्पष्ट होगा कि इन मदरसों में साप्ताहिक अवकाश की नई व्यवस्था किस प्रकार लागू की जाती है।

रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAYAVANI