चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को हुए हेलीकॉप्टर हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। सेना, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में अभियान चलाकर सभी छह मृतकों के शव बरामद कर लिए हैं। इसके साथ ही रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो गया है। दूसरी ओर दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विमानन विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ट्रांस भारत एविएशन का निजी हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ धाम से श्रद्धालुओं को लेकर देहरादून लौट रहा था। इसी दौरान शुक्रवार को जोशीमठ (ज्योतिर्मठ) के पास पांडुकेश्वर क्षेत्र में हाथी पहाड़ और चाई गांव के बीच अत्यंत दुर्गम उच्च हिमालयी इलाके में हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और बचाव दल सक्रिय हो गए।
दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में चलाया गया रेस्क्यू अभियान
दुर्घटनास्थल तक पहुंचने का रास्ता बेहद कठिन होने के कारण बचाव दल को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। सेना, पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। लगातार प्रयासों के बाद सभी छह मृतकों के शव बरामद कर लिए गए और बचाव अभियान समाप्त कर दिया गया।
पायलट समेत छह लोगों की मौत
इस हादसे में दिल्ली निवासी पायलट हिमांशु सबरवाल और बेंगलुरु, कर्नाटक के पांच तीर्थयात्रियों की जान चली गई। मृतकों में बेंगलुरु क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर अरुण सालुंके और एक वकील भी शामिल बताए गए हैं। हादसे की खबर से मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है। परिजन भी बद्रीनाथ धाम पहुंच चुके हैं।
खराब मौसम समेत तकनीकी पहलुओं की जांच
दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विमानन विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण शुरू कर दिया है। जांच के दौरान खराब मौसम, पहाड़ी क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और हेलीकॉप्टर से जुड़े तकनीकी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। विशेषज्ञ दुर्घटनास्थल से उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर हादसे की परिस्थितियों का विश्लेषण करेंगे।
फिलहाल दुर्घटना का वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। इस हादसे ने चारधाम यात्रा के दौरान दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में हेलीकॉप्टर सेवाओं की सुरक्षा और उड़ान संचालन से जुड़े मानकों को लेकर एक बार फिर महत्वपूर्ण सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAYAVANI
