कोटद्वार में गुलदार ने महिला को बनाया निवाला, ग्रामीणों का दो घंटे तक प्रदर्शन, आदमखोर घोषित कर मारने के आदेश

कोटद्वार में गुलदार ने महिला को बनाया निवाला, ग्रामीणों का दो घंटे तक प्रदर्शन, आदमखोर घोषित कर मारने के आदेश
Spread the love

कोटद्वार (पौड़ी गढ़वाल)। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में गुलदार के हमले की एक और दर्दनाक घटना सामने आई है। कोटद्वार के सनेह क्षेत्र स्थित कोटड़ीढांग गांव में जंगल से सटे इलाके में घास काटने गई 42 वर्षीय महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया। हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई, वहीं आक्रोशित ग्रामीणों ने सिद्धबली-पाखरो मोटर मार्ग पर शव रखकर करीब दो घंटे तक जाम लगाया।

जानकारी के अनुसार, कोटड़ीढांग गांव निवासी कविता कोठियाल सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच पशुओं के लिए चारा जुटाने जंगल से सटे क्षेत्र में गई थीं। इसी दौरान घात लगाकर बैठे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। हमले में महिला को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। महिला की मौत की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए हमलावर गुलदार को तत्काल आदमखोर घोषित करने और उसे मारने के आदेश जारी करने की मांग उठाई।

शव सड़क पर रखकर ग्रामीणों ने लगाया जाम

आक्रोशित ग्रामीणों ने महिला का शव सिद्धबली-पाखरो मोटर मार्ग पर रखकर आवागमन बाधित कर दिया। करीब दो घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र में लगातार गुलदार की सक्रियता बनी हुई है और लोगों को जंगल से लगे इलाकों में जाने में भी खतरा महसूस हो रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, इस क्षेत्र में गुलदार के हमले की यह पांचवीं घटना बताई जा रही है। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ गई थी।

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भी पहुंचीं मौके पर

घटना की जानकारी मिलने पर कोटद्वार विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों के सामने अपनी मांगें रखीं और हमलावर गुलदार के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों के विरोध के बीच वन विभाग के उच्चाधिकारियों ने हमलावर गुलदार को आदमखोर घोषित कर उसे मारने के आदेश जारी कर दिए। इसके बाद ग्रामीणों ने अपना जाम समाप्त किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने दिया गया।

क्षेत्र में दहशत, वन विभाग के अभियान पर नजर

घटना के बाद सनेह और आसपास के गांवों में लोगों के बीच भय का माहौल है। ग्रामीणों की मांग है कि क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

गुलदार को मारने के आदेश जारी होने के बाद अब वन विभाग के अभियान पर सभी की नजरें टिकी हैं। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द ही हमलावर वन्यजीव के खिलाफ कार्रवाई होगी और क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी।

रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAVANI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *