अंकिता भंडारी हत्याकांड: नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए गुजरात रवाना हुए पूर्व विधायक सुरेश राठौर

अंकिता भंडारी हत्याकांड: नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए गुजरात रवाना हुए पूर्व विधायक सुरेश राठौर
Spread the love

हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी के नाम और वायरल ऑडियो क्लिप से जुड़े मामले में जांच तेज हो गई है। भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर सोमवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के नोटिस पर नार्को एनालिसिस और पॉलीग्राफ टेस्ट की प्रक्रिया के लिए गुजरात के गांधीनगर रवाना हो गए। मंगलवार, 24 नवंबर को वहां उनकी मेडिकल जांच के बाद वैज्ञानिक परीक्षण किए जाने की तैयारी है।

इस मामले में कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर वायरल ऑडियो क्लिप सामने आने के बाद विवाद गहराया था। अभिनेत्री उर्मिला सनावर की ओर से ऑडियो क्लिप को लेकर किए गए दावों के बाद मामले की जांच सीबीआई कर रही है। जांच के दौरान इन ऑडियो क्लिप की सत्यता और उनसे जुड़े दावों की पड़ताल की जा रही है।

24 नवंबर को गांधीनगर में होगी परीक्षण प्रक्रिया

जानकारी के अनुसार, सुरेश राठौर सोमवार सुबह जांच प्रक्रिया के लिए गुजरात रवाना हुए। मंगलवार को गांधीनगर स्थित फॉरेंसिक लैब में पहले उनका मेडिकल परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद पॉलीग्राफ और नार्को एनालिसिस टेस्ट की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

बताया गया है कि पिछले महीने देहरादून स्थित सीबीआई कोर्ट में सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर दोनों ने इन वैज्ञानिक परीक्षणों के लिए अपनी सहमति दी थी। इसी सहमति के आधार पर जांच एजेंसी आगे की प्रक्रिया पूरी कर रही है।

अंकिता को बेटी समान बताया, जांच में सहयोग की बात कही

गुजरात रवाना होने से पहले सुरेश राठौर ने कहा कि अंकिता भंडारी उनके लिए बेटी के समान थी। उन्होंने जांच एजेंसी को गवाह के तौर पर पूरा सहयोग देने की बात कही, ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके और अंकिता को न्याय मिल सके।

राठौर का कहना है कि वह जांच में सहयोग करने के लिए तैयार हैं और परीक्षण के जरिए मामले से जुड़े तथ्यों को स्पष्ट करने में मदद करेंगे।

उर्मिला सनावर के टेस्ट की तारीख अभी तय नहीं

इस मामले में उर्मिला सनावर का भी पॉलीग्राफ और नार्को टेस्ट गांधीनगर में कराया जाना है। हालांकि, उनके परीक्षण की तारीख को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। उनके वकील के अनुसार, प्रक्रिया गुजरात में ही पूरी की जानी है।

अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित वीआईपी और वायरल ऑडियो को लेकर चल रही जांच के बीच इन परीक्षणों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब जांच एजेंसी की आगे की कार्रवाई और परीक्षण प्रक्रिया से सामने आने वाले तथ्यों पर नजर रहेगी।

रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAVANI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *