केदारताल हिमस्खलन हादसा: मौत का आंकड़ा 6 पहुंचा, लखनऊ की दो सगी बहनों ने भी गंवाई जान

केदारताल हिमस्खलन हादसा: मौत का आंकड़ा 6 पहुंचा, लखनऊ की दो सगी बहनों ने भी गंवाई जान
Spread the love

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित दुर्गम केदारताल ट्रैक पर हुए हिमस्खलन हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। बुधवार सुबह राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM) की संयुक्त रेस्क्यू टीमों ने अभियान के दौरान तीन और शव बरामद किए। इस हादसे में लापता आठ लोगों में से अब तक छह की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।

लगातार बर्फबारी, अत्यधिक ठंड और दुर्गम पहाड़ी रास्तों के बीच बचाव दल लापता लोगों को खोजने में जुटा हुआ है। हादसे में लखनऊ की दो सगी बहनों वर्तिका वर्मा (28) और दीपिका वर्मा (29) की मौत की खबर से उनके परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।

लखनऊ की दो सगी बहनों की दर्दनाक मौत

हादसे में जान गंवाने वाली वर्तिका वर्मा और दीपिका वर्मा लखनऊ के गायत्रीपुरम, विकास नगर की रहने वाली थीं। परिवार के अनुसार, दोनों बहनों को पहाड़ों और ट्रैकिंग का काफी शौक था। वर्तिका फ्रीलांस इन्फ्लुएंसर के रूप में काम करती थीं, जबकि दीपिका एक निजी कंपनी में ग्राफिक डिजाइनर थीं।

दोनों बहनें इससे पहले भी कई कठिन ट्रैकिंग अभियान पूरे कर चुकी थीं। उन्होंने केदारकंठ, फूलों की घाटी और हेमकुंड साहिब सहित भारत और नेपाल के विभिन्न पर्वतीय क्षेत्रों की यात्राएं की थीं। पर्वतों के प्रति उनका लगाव ही उन्हें केदारताल ट्रैक तक लेकर आया था, लेकिन इस बार मौसम की मार उनके लिए जानलेवा साबित हुई।

27 अक्टूबर को गंगोत्री से रवाना हुआ था ट्रैकिंग दल

जानकारी के अनुसार, ट्रैकिंग दल 27 अक्टूबर 2026 को गंगोत्री से केदारताल के तीन दिवसीय अभियान पर रवाना हुआ था। दल में सात ट्रैकर्स और पांच सपोर्ट स्टाफ सहित कुल 12 सदस्य बताए गए हैं। एक रसोइया पहले ही वापस लौट आया था। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दल को 29 अक्टूबर को वापस लौटना था।

बताया गया है कि 29 अक्टूबर को केदारखड़क के समीप कछी ढांग क्षेत्र में अचानक मौसम खराब हो गया। इसी दौरान भारी बर्फबारी और हिमस्खलन की चपेट में आने से दल के सदस्य बर्फ में दब गए। कुछ स्थानों पर बर्फ की गहराई 10 से 12 फीट तक बताई गई है।

30 अक्टूबर को मदद की सूचना मिलने के बाद सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। बचाव दल ने अभियान के दौरान सपोर्ट स्टाफ के चार सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया। वहीं आठ लोगों में से छह के शव बरामद किए जा चुके हैं। शेष दो लोगों की खोजबीन जारी है।

ट्रेकिंग एजेंसी पर लापरवाही के आरोप

इस हादसे के बाद मृतक बहनों के भाई अतुल वर्मा और अन्य परिजनों ने ट्रेकिंग एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। परिजनों का आरोप है कि मौसम विभाग की ओर से खराब मौसम और भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी होने के बावजूद ट्रेकिंग दल को आगे जाने की अनुमति कैसे दी गई।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि हादसे के बाद एजेंसी ने उन्हें समय पर कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी। परिवार को सोशल मीडिया के माध्यम से घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद वे उत्तरकाशी पहुंचे।

परिवार ने ट्रैकिंग अभियान में सुरक्षा इंतजामों, अनुभवी गाइड की उपलब्धता और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारी पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और यदि लापरवाही सामने आती है तो संबंधित ट्रेकिंग एजेंसी की जवाबदेही तय करने की मांग की है।

4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले ट्रैकिंग रूटों पर प्रतिबंध

हादसे के बाद प्रशासन ने पर्वतीय क्षेत्रों में सुरक्षा को लेकर सख्ती बरकरार रखी है। एहतियात के तौर पर समुद्र तल से 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले ट्रैकिंग रूटों के परमिट अस्थायी रूप से निलंबित रखे गए हैं। ट्रैकिंग दलों को मौसम की स्थिति सामान्य होने और प्रशासन की अनुमति मिलने तक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।

केदारताल हादसे ने एक बार फिर उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों