देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार, 19 नवंबर को देहरादून के कौलागढ़ में आयोजित जनसभा के दौरान कैंट विधानसभा क्षेत्र को ₹48.44 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने कुल 23 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर कैंट विधायक सविता हरबंस कपूर, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल और भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
23 विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री ने ₹29.41 करोड़ की लागत से तैयार 10 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया। वहीं, ₹19.03 करोड़ की लागत से बनने वाली 13 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। इन कार्यों में सड़क निर्माण, पेयजल व्यवस्था और जल निकासी से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
कॉलेज और सड़कों पर जोर
जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने कैंट विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए आठ नई घोषणाएं भी कीं। इनमें हरबंस कपूर राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में नया राजकीय डिग्री कॉलेज खोलने की प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा प्रमुख रही। इसके अलावा करीब ₹5 करोड़ की लागत से विभिन्न आंतरिक सड़कों का निर्माण कराया जाएगा।
जाम और जलभराव से मिलेगी राहत
क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए कांवली रोड के चौड़ीकरण की घोषणा की गई। वहीं, जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए शास्त्रीनगर नाले का पुनर्निर्माण कराया जाएगा।
पेयजल व्यवस्था होगी मजबूत
मुख्यमंत्री ने यमुना कॉलोनी, इंद्रापुरम और हिंदलोक कॉलोनी में एक-एक नए ट्यूबवेल लगाने की घोषणा की। इसके साथ ही गोविंदगढ़ में चार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पेयजल लाइन को मजबूत किया जाएगा। विजय पार्क पेयजल योजना को भी आगामी कार्ययोजना में शामिल करने की बात कही गई।
इसके अलावा प्रेमनगर क्षेत्र को नगर पालिका में शामिल करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की घोषणा की गई।
जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार अंत्योदय के सिद्धांत पर काम कर रही है। उन्होंने गरीब परिवारों को साल में तीन निःशुल्क गैस सिलेंडर, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने जैसी योजनाओं का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश के विकास और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAVANI
