देहरादून। उत्तराखंड में राज्यपाल पद पर बदलाव हुआ है। डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने 19 अक्टूबर 2026 को प्रदेश के नए राज्यपाल के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। देहरादून स्थित लोक भवन में आयोजित समारोह में उत्तराखंड उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी ने उन्हें शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य और वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ से हुई और समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। इस दौरान मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओर से जारी नियुक्ति संबंधी पत्र पढ़कर सुनाया।
गुरमीत सिंह की जगह संभाली जिम्मेदारी
डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) का स्थान लिया है। गुरमीत सिंह ने पांच वर्ष से अधिक समय तक उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाई।
विधायक और सांसद के रूप में रहा अनुभव
डॉ. ढाल सिंह बिसेन मध्य प्रदेश के सिवनी क्षेत्र से जुड़े हैं। वे चार बार विधायक और लोकसभा सांसद रह चुके हैं। अपने राजनीतिक जीवन के दौरान उन्होंने स्कूली शिक्षा, वन, परिवहन और खनिज जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी भी संभाली है।
उनके पास विधायी और प्रशासनिक कार्यों का लंबा अनुभव है। अब राज्यपाल के रूप में उनकी नई जिम्मेदारी उत्तराखंड के संवैधानिक और प्रशासनिक ढांचे में महत्वपूर्ण होगी।
रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAYAVANI
