Spread the loveचमोली: नंदा देवी बड़ी जात यात्रा के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्र के पातर नचौणिया में सुतोल और कनोल गांव के ग्रामीणों के बीच मारपीट की घटना सामने आई है। घटना में सात से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को हेलीकॉप्टर से ऋषिकेश भेजा गया है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को बड़ी जात यात्रा के वेदनी से पातर नचौणिया पहुंचने के दौरान दोनों गांवों के लोगों के बीच किसी मामले को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। रिपोर्टों के मुताबिक, घटना में लाठी और अन्य सामान इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि घटना की पूरी वजह को लेकर आधिकारिक स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। घटना के बाद घायलों को दुर्गम क्षेत्र से नीचे लाने का रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। अमर उजाला के अनुसार, दोपहर तक तीन घायल नंदानगर अस्पताल पहुंच चुके थे। इनमें गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को हेलीकॉप्टर से ऋषिकेश भेजा गया, जबकि दो घायलों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अन्य घायलों को भी अस्पताल लाया जा रहा था। पातर नचौणिया और कैलुवा विनायक क्षेत्र बेहद दुर्गम होने तथा मोबाइल नेटवर्क की समस्या के कारण शुरुआती दौर में घटना की पूरी जानकारी जुटाने में परेशानी हुई। सूचना मिलने के बाद नंदानगर से अतिरिक्त पुलिस फोर्स को घटनास्थल की ओर रवाना किया गया। पुलिस ने यात्रा में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पहले से पुलिसकर्मियों की तैनाती की थी। बड़ी जात यात्रा अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ रही थी। 19 सितंबर को यात्रा को पातर नचौणिया से कैलुवा विनायक, रूपकुंड और ज्यूंरागली होते हुए शिलासमुद्र पहुंचना था, जबकि 20 सितंबर को होमकुंड में पूजा का कार्यक्रम निर्धारित है। घटना को लेकर दोनों गांवों में तनाव की स्थिति की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस और प्रशासन द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAVANI Post Views: 27 Post navigation 10वीं-12वीं के छात्रों को Tablet के लिए मिलेगी ₹12 हजार की सहायता, CM धामी का ऐलान FIR पोर्टल बंद होने पर हाईकोर्ट सख्त, 23 सितंबर को होगा Live Demo