देहरादून। उत्तराखंड में नवंबर महीने के दौरान मौसम के बदले मिजाज ने लोगों को हैरान कर दिया है। आमतौर पर इस समय सुबह और शाम ठंड का एहसास होने लगता है, लेकिन इस बार प्रदेश के मैदानी इलाकों में दोपहर के समय अप्रैल जैसी गर्मी पड़ रही है। राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। यह तापमान सामान्य से करीब पांच डिग्री अधिक बताया जा रहा है। मौसम के इस असामान्य बदलाव ने पिछले दस वर्षों के तापमान के रिकॉर्ड की याद दिला दी है।
दस साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी
मौसम संबंधी उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, देहरादून में नवंबर महीने के दौरान 31.2 डिग्री सेल्सियस तापमान इससे पहले 2 नवंबर 2016 को दर्ज किया गया था। अब एक बार फिर नवंबर में पारा इसी स्तर तक पहुंच गया है। इसके चलते राजधानी में दिन के समय लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।
गर्मी का असर केवल देहरादून तक सीमित नहीं है। प्रदेश के अन्य मैदानी शहरों में भी तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। पंतनगर में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री और रुड़की में 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नवंबर के महीने में तापमान के इन आंकड़ों ने मौसम के बदलते स्वरूप को लेकर चर्चा बढ़ा दी है।
बारिश की कमी से बढ़ रहा तापमान
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, लंबे समय से बारिश नहीं होने, आसमान साफ रहने और दिनभर तेज धूप खिलने के कारण अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। शुष्क हवाएं भी इस स्थिति को प्रभावित कर रही हैं। हालांकि, रात के समय तापमान में गिरावट के कारण हल्की ठंडक महसूस हो रही है।
13 और 14 नवंबर को बारिश-बर्फबारी के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, 12 नवंबर तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद 13 और 14 नवंबर को उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में मौसम बदल सकता है।
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं, अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। मौसम में इस बदलाव के बाद मैदानी इलाकों में भी तापमान गिरने और ठंड बढ़ने की उम्मीद है।
नवंबर में लगातार बढ़ते तापमान ने एक बार फिर मौसम के बदलते मिजाज पर सवाल खड़े किए हैं। अब लोगों की नजरें 13 और 14 नवंबर के संभावित मौसम परिवर्तन पर टिकी हैं। यदि पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होती है तो प्रदेश के मैदानी इलाकों में भी सर्दी का असर बढ़ सकता है।
रिपोर्ट: अजय सेमल्टी | HIMALAYAVANI
