नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट ने हल्द्वानी के 62 वर्षीय कारोबारी से कथित हनीट्रैप के जरिए करोड़ों रुपये वसूलने के मामले में आरोपी महिला ज्योति सिंह को 25 नवंबर 2026 तक अंतरिम गिरफ्तारी से राहत दी है। अदालत ने राज्य सरकार को अगली सुनवाई में अपना पक्ष और आवश्यक निर्देश प्रस्तुत करने को कहा है।
21 नवंबर को न्यायमूर्ति आलोक मेहरा की एकल पीठ ने आरोपी महिला की याचिका पर सुनवाई करते हुए बुधवार, 25 नवंबर तक गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगाई। महिला ने हाईकोर्ट में एफआईआर को चुनौती देते हुए अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को झूठा और मनगढ़ंत बताया है।
5 करोड़ नकद वसूली और संपत्ति कब्जाने का आरोप
हल्द्वानी निवासी 62 वर्षीय कारोबारी सुभाष गुप्ता की शिकायत पर एक महिला समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कारोबारी से करीब 5 करोड़ रुपये नकद और ऑनलाइन माध्यमों से वसूले।
इसके अलावा लगभग 2 करोड़ रुपये मूल्य के चार प्लॉट, एक कार और एक स्कूटर पर कब्जा किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि निजी तस्वीरों और वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी देकर उसे लगातार दबाव में रखा गया और आर्थिक रूप से नुकसान पहुंचाया गया।
आरोपी महिला ने आरोपों को बताया झूठा
वहीं, आरोपी महिला ने हाईकोर्ट में दाखिल याचिका में कारोबारी की ओर से लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है। महिला ने कारोबारी पर अपनी बेटी के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए मामले की सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
याचिका में महिला ने स्वयं, अपनी बेटी और शिकायतकर्ता कारोबारी का नार्को एनालिसिस टेस्ट (Narcoanalysis Test) कराने की मांग भी उठाई है।
फिलहाल हाईकोर्ट से मिली अंतरिम राहत के बाद आरोपी महिला को 25 नवंबर तक गिरफ्तारी से राहत मिली है। मामले में अगली सुनवाई के दौरान राज्य सरकार का पक्ष सामने आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकती है।
रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAVANI
