Spread the loveदेहरादून | उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू (H1N1) के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने खासकर स्कूलों के लिए एडवाइजरी जारी की है। विद्यार्थियों को सावधानी बरतने, जरूरत के अनुसार मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की सलाह दी गई है। देहरादून के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा ने संबंधित शिक्षा अधिकारियों को पत्र भेजकर स्कूलों में जरूरी सावधानियां बरतने के निर्देश दिए हैं। एडवाइजरी में कहा गया है कि जिन विद्यार्थियों में फ्लू जैसे लक्षण दिखाई दें, उन्हें स्कूल न भेजा जाए। देहरादून में 24 घंटे में 8 नए केस स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, देहरादून जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान H1N1 के 8 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। राज्य में अब तक 565 मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें 372 मामले देहरादून जिले के हैं, जबकि 193 मरीज अन्य जिलों या राज्यों से संबंधित बताए गए हैं। वर्तमान में देहरादून और ऋषिकेश में 78 एक्टिव केस बताए गए हैं। आम लोगों के लिए भी एडवाइजरी की तैयारी सीएमओ के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग आम लोगों को भी H1N1 के लक्षणों और बचाव के तरीकों को लेकर जागरूक करने के लिए एडवाइजरी जारी करने की तैयारी कर रहा है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक स्वाइन फ्लू ड्रॉपलेट इंफेक्शन से फैलता है। ऐसे में फ्लू जैसे लक्षण होने पर खुद को अलग रखना, भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचना, मास्क का इस्तेमाल करना और हाथों की स्वच्छता का ध्यान रखना जरूरी है। सरकारी और निजी अस्पतालों में उपचार के लिए आइसोलेशन बेड चिह्नित किए गए हैं और फ्लू ओपीडी भी संचालित की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अब तक हुई मौतों के ऑडिट के बाद दो मौतों की पुष्टि स्वाइन फ्लू के कारण होने की हुई है। विभाग ने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने की अपील की है। रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAYAVANI Post Views: 53 Post navigation डोईवाला के थानों और खता क्षेत्र में फलदार पेड़ों के अवैध कटान से आक्रोश, वन विभाग की कार्रवाई लाटूधाम वाण से मां नंदा की देव डोलियां कैलास रवाना