Spread the loveखटीमा/ऊधम सिंह नगर। जापान के ऐची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में उत्तराखंड के खटीमा निवासी और भारतीय सेना के हवलदार कपिल पोखरिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए कांस्य पदक हासिल किया है। 90 किलोग्राम भारवर्ग में खेलते हुए कपिल ने अपने पदार्पण एशियन गेम्स में पदक जीतकर उत्तराखंड का नाम रोशन किया। कपिल पोखरिया ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में दक्षिण कोरिया के किम गिचाए को 5-0 के सर्वसम्मत निर्णय से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। इस जीत के साथ ही उनका पदक पक्का हो गया था। 30 सितंबर को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में कपिल का सामना उज्बेकिस्तान के मौजूदा विश्व चैंपियन तुराबेक खबीबुल्लाएव से हुआ। मुकाबला शुरुआत से ही कड़ा रहा। कपिल ने शुरुआती दौर में पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी को कड़ी चुनौती दी, लेकिन निर्णायकों के 4-1 के स्प्लिट डिसीजन के बाद उन्हें हार का सामना करना पड़ा। सेमीफाइनल में हार के बावजूद कपिल को नियमों के अनुसार कांस्य पदक मिला। कपिल पोखरिया मूल रूप से ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र के चकरपुर-महतगांव के रहने वाले हैं। वह भारतीय सेना की कुमाऊं रेजिमेंट में हवलदार के पद पर तैनात हैं और सेना के मिशन ओलंपिक विंग से जुड़कर देश के लिए खेल रहे हैं। कपिल ने वर्ष 2016 में बॉक्सिंग की शुरुआत की थी। एक दोस्त की प्रेरणा के बाद उन्होंने रिंग में कदम रखा और हरियाणा के गोहाना बॉक्सिंग क्लब में शुरुआती प्रशिक्षण लिया। इसके बाद उनका चयन कर्नाटक के बेल्लारी स्थित इंस्पायर इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट (IIS) के प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए हुआ। कपिल इससे पहले भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं। उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में उन्होंने स्वर्ण पदक जीता था। इसके अलावा वह राष्ट्रमंडल खेलों और अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। कपिल की इस उपलब्धि से उनके गृह क्षेत्र खटीमा में खुशी का माहौल है। उनके शानदार प्रदर्शन को लेकर खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई दी है। रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAYAVANI Post Views: 25 Post navigation दो सुमित, एक वोट का अंतर और फिर पर्ची से फैसला, SSJ अल्मोड़ा में उपाध्यक्ष चुनाव का बदला परिणाम टनकपुर में पहचान छिपाकर युवती से दोस्ती का आरोप, धर्म परिवर्तन के दबाव में युवक गिरफ्तार