Spread the love

हरिद्वार। खड़खड़ी क्षेत्र में मंगलवार सुबह महिला से चेन लूट की वारदात के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया।

घायल बदमाश की पहचान नरेश उर्फ भिंडे, निवासी सुल्तानपुरी, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार नरेश शातिर चेन स्नैचर है और हरिद्वार के कनखल सहित अन्य क्षेत्रों में हुई चेन स्नैचिंग की घटनाओं में भी उसकी भूमिका सामने आई है।

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह खड़खड़ी स्थित बसंत भवन के बाहर एक महिला से चेन लूटने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने बदमाशों की घेराबंदी की। इसी दौरान बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में नरेश के पैर में गोली लगी और उसे पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।

मुठभेड़ के दौरान उसका साथी दिनेश अंधेरे का फायदा उठाकर पास के जंगल में भाग निकला। पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जंगल क्षेत्र में कॉम्बिंग कर रही हैं।

गोली लगने के बाद घायल नरेश का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में वह पुलिस से रहम की गुहार लगाते हुए “माफ कर दो साहब, गलती हो गई” कहता दिखाई दे रहा है।

घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है।

रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAYAVANI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *