रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर में कोसी नदी के किनारे स्थित पूछड़ी बस्ती में सरकारी वन भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए शनिवार तड़के वन विभाग और जिला प्रशासन ने व्यापक अभियान चलाया। भारी पुलिस बल, पीएसी और बुलडोजरों की मौजूदगी में की गई इस कार्रवाई के दौरान करीब 86 पक्के मकानों को ध्वस्त कर लगभग 14 हेक्टेयर सरकारी वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
कार्रवाई की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के अनुसार, पूरे क्षेत्र को दो सुपर जोन, सात जोन, 14 सेक्टर और छह बैरियर में विभाजित किया गया था। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पांच सेक्टर मजिस्ट्रेट, पांच अपर पुलिस अधीक्षक, छह क्षेत्राधिकारी, 25 निरीक्षक, 82 उपनिरीक्षक और पीएसी की तीन कंपनियां तैनात की गई थीं।
पहले पूरी की गई कानूनी प्रक्रिया
प्रशासन के अनुसार, अतिक्रमण हटाने से पहले आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गई थीं। संबंधित लोगों को नोटिस देने के साथ मुनादी कराकर कार्रवाई की जानकारी भी दी गई थी। शुक्रवार शाम पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभियान की विस्तृत ब्रीफिंग दी गई। शनिवार सुबह करीब पांच बजे संयुक्त टीम भारी पुलिस बल और मशीनों के साथ मौके पर पहुंची। कार्रवाई शुरू होने से पहले कुछ लोगों ने अपने मकान स्वयं हटाने भी शुरू कर दिए थे।
वन भूमि बेचने के आरोपों की भी जांच
इस मामले में ताहिर मुल्ला नामक व्यक्ति पर वन विभाग की जमीन पर अवैध कब्जा कराने और लोगों को जमीन बेचने के आरोप हैं। वन विभाग की ओर से संबंधित व्यक्ति के खिलाफ विभागीय स्तर पर और पुलिस में मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस के अनुसार, उसकी तलाश की जा रही है। इन आरोपों पर संबंधित पक्ष का आधिकारिक बयान सामने आना बाकी है।
वन विभाग को सौंपी जाएगी जमीन
प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण हटाने के बाद मुक्त कराई गई भूमि वन विभाग को सौंप दी जाएगी। इस कार्रवाई को सरकारी वन संपत्ति को कब्जामुक्त कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब इस क्षेत्र में दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए वन विभाग की ओर से भूमि की सुरक्षा और निगरानी की व्यवस्था करना महत्वपूर्ण होगा।
रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAYAVANI
