हिमस्खलन और भारी बर्फबारी से रास्ता बंद, चार लोग सुरक्षित मिले; भोजखड़क से आगे आठ लोग अब भी फंसे, हेलीकॉप्टर की मांगी गई मदद
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले के केदारताल ट्रेक रूट पर बर्फबारी और हिमस्खलन के चलते फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान तेज कर दिया गया है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर NDRF, SDRF और वन विभाग की टीमें संयुक्त रूप से बचाव कार्य में जुटी हैं। अब तक चार लोगों को सुरक्षित खोज लिया गया है, जबकि भोजखड़क से आगे आठ लोग अब भी फंसे हुए बताए जा रहे हैं। दुर्गम रास्ते और मौसम की चुनौती को देखते हुए फंसे लोगों को निकालने के लिए हेलीकॉप्टर की मदद भी मांगी गई है।
जानकारी के अनुसार, 13 सदस्यों का एक दल 27 अक्टूबर को गंगोत्री से केदारताल ट्रेक के लिए रवाना हुआ था। दल में सात ट्रेकर और छह सहायक कर्मचारी शामिल थे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उन्हें 29 अक्टूबर को वापस लौटना था, लेकिन क्षेत्र में मौसम खराब होने और लगातार बर्फबारी के कारण उनकी वापसी प्रभावित हो गई। ग्लेशियर क्षेत्र में हिमस्खलन के बाद रास्ता अवरुद्ध हो गया, जिससे दल के कुछ सदस्य आगे फंस गए।
30 अक्टूबर को ट्रेकिंग एजेंसी के माध्यम से दल के सदस्यों से संपर्क हुआ। उन्होंने कच्छी ढांग के आसपास अपनी स्थिति की जानकारी देते हुए सहायता मांगी। इसके बाद ट्रेकिंग एजेंसी की ओर से गाइड और पोर्टर की टीम को मौके की तरफ भेजा गया। बचाव प्रयासों के दौरान तीन पोर्टर और एक कुक सहित चार लोगों को सुरक्षित खोज लिया गया। वहीं, भोजखड़क से आगे आठ लोगों के फंसे होने की सूचना है।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर रेस्क्यू अभियान में तेजी लाई गई है। NDRF की 10 सदस्यीय टीम, SDRF के छह जवान, वन विभाग के कर्मचारी और ट्रेकिंग एजेंसी के सदस्य बचाव कार्य में सहयोग कर रहे हैं। टीमें बर्फ से ढके रास्ते को पार कर फंसे लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं। हिमस्खलन के कारण रास्ता बंद होने और दुर्गम पहाड़ी परिस्थितियों के चलते अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
फंसे लोगों में से एक व्यक्ति के सिर में चोट लगने की भी सूचना है। ऐसे में उसे प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन ने हवाई सहायता के लिए भी अनुरोध भेजा है, ताकि जरूरत पड़ने पर हेलीकॉप्टर के माध्यम से रेस्क्यू किया जा सके।
फिलहाल आठ लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी हैं। बचाव अभियान पूरा होने और सभी सदस्यों की स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही पूरी जानकारी सामने आ सकेगी।
रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAYAVANI
