हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 21 नवंबर 2026 को हरिद्वार में आम जनता को सरकारी योजनाओं की जानकारी आसानी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित एआई (AI) आधारित मोबाइल ऐप और पोर्टल का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी की।
हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (HRDA) के सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मुख्यमंत्री को एआई ऐप और पोर्टल की कार्यप्रणाली, उपयोगिता एवं इसके माध्यम से आम लोगों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। इस डिजिटल पहल का उद्देश्य लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी घर बैठे उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें छोटी-छोटी जानकारियों के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
सरकारी योजनाओं की जानकारी अब डिजिटल माध्यम से
प्रस्तावित एआई प्लेटफॉर्म के माध्यम से नागरिक स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में प्राप्त कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक का उपयोग शासन व्यवस्था को पारदर्शी, प्रभावी और जनसुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। एआई तकनीक से सरकारी सेवाओं और योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक तेजी से पहुंचाने में मदद मिलेगी।
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों का लिया जायजा
एआई ऐप के प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने कुंभ मेला-2027 की तैयारियों की समीक्षा की। मेलाधिकारी सोनिका ने मेला क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, श्रद्धालुओं की सुविधा तथा आवागमन से संबंधित व्यवस्थाओं की प्रगति के बारे में जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कुंभ मेले को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए चल रहे कार्यों की समीक्षा की। आगामी कुंभ को देखते हुए मेला क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में मेलाधिकारी सोनिका, आईजी मेला योगेंद्र सिंह रावत, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, एसएसपी मेला आयुष अग्रवाल, मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार और सीडीओ ललित नारायण मिश्र सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAVANI
