Spread the loveऋषिकेश। पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर गंगा नदी के जलस्तर पर भी दिखाई देने लगा है। गंगा का बहाव तेज और पानी का स्तर बढ़ने के बाद प्रशासन ने पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऋषिकेश क्षेत्र में रिवर राफ्टिंग गतिविधियों पर रोक लगा दी है। कौड़ियाला, शिवपुरी, मरीन ड्राइव और ब्रह्मपुरी समेत प्रमुख राफ्टिंग प्वाइंट्स पर फिलहाल राफ्टिंग संचालन को स्थगित किया गया है। प्रशासन ने मौसम और नदी की मौजूदा स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया है। बताया जा रहा है कि चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी समेत गंगा की ऊपरी घाटी में हो रही बारिश के कारण नदी का बहाव बढ़ा है। तेज बहाव के साथ गंगा का पानी मटमैला हो गया है। ऐसे हालात में राफ्टिंग जैसी साहसिक गतिविधियों में जोखिम बढ़ जाता है। प्रशासन ने गंगा के तटीय क्षेत्रों, घाटों और कैंपिंग साइट्स को लेकर भी पर्यटकों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील स्थानों पर जल पुलिस और SDRF की टीमों को अलर्ट रखा गया है। पर्यटन गतिविधियों पर रोक के कारण ऋषिकेश के राफ्टिंग और एडवेंचर टूरिज्म से जुड़े कारोबारियों पर भी असर पड़ने की संभावना है। हालांकि, प्रशासन की ओर से फिलहाल पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नदी में किसी भी तरह की साहसिक गतिविधि से बचने की अपील की गई है। राफ्टिंग दोबारा कब शुरू होगी, इसका निर्णय नदी के जलस्तर, मौसम की स्थिति और सुरक्षा मानकों का आकलन करने के बाद लिया जाएगा। पर्यटकों से अपील की गई है कि वे प्रशासन के अगले आदेश तक प्रतिबंधित क्षेत्रों में नदी के किनारे न जाएं और स्थानीय सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAYAVANI Post Views: 9 Post navigation हरिद्वार Hotel Ashoka पर GST Action, 20 लाख की ITC का मामला Doiwala College Election में बड़ा उलटफेर, USF ने ABVP-NSUI को पछाड़ा