उत्तरकाशी के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड, कई आवासीय भवन जलकर राख; सीएम धामी ने दिए राहत के निर्देश

Spread the love

मोरी/उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले की मोरी तहसील के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड की घटना सामने आई है। आग की चपेट में आने से गांव के कई आवासीय भवन जलकर नष्ट हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग से प्रभावित परिवारों के सामने आवास और घरेलू सामान का संकट खड़ा हो गया है।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। राहत एवं बचाव कार्यों के लिए अग्निशमन विभाग, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF), पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें मौके के लिए रवाना की गईं। प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और उन्हें तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की है।

मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुःख, अधिकारियों को दिए निर्देश

पवाणी गांव में अग्निकांड की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए जिला प्रशासन से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और उनके लिए भोजन, अस्थायी आवास, चिकित्सा सुविधा तथा जरूरी राहत सामग्री की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।

नुकसान का आकलन कर दी जाएगी सहायता

मुख्यमंत्री ने आग से हुए नुकसान का शीघ्र आकलन करने और नियमानुसार प्रभावित परिवारों को राहत एवं सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस संकट की घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों और अग्निकांड में हुए कुल नुकसान की आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है। प्रशासनिक सर्वे और जांच के बाद ही प्रभावित भवनों तथा परिवारों की वास्तविक संख्या स्पष्ट हो सकेगी।

पवाणी गांव में हुए अग्निकांड के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें आग से हुए नुकसान की स्थिति देखी जा सकती है।

रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAVANI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *