उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाएं 21 फरवरी से होंगी शुरू, 1,270 केंद्रों पर 2.08 लाख विद्यार्थी देंगे परीक्षा

Spread the love

देहरादून।उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद (UBSE) ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां पूरी करने की दिशा में परीक्षा केंद्रों की सूची अंतिम रूप दे दिया है। प्रदेश में इस बार कुल 1,270 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बोर्ड परीक्षाएं 21 फरवरी से 20 मार्च 2027 तक आयोजित की जाएंगी।

बोर्ड परीक्षा में इस वर्ष प्रदेशभर के 2,08,424 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। इनमें हाईस्कूल के 1,09,282 और इंटरमीडिएट के 99,142 परीक्षार्थी शामिल हैं। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के परीक्षा में शामिल होने को देखते हुए बोर्ड और शिक्षा विभाग ने परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था निर्धारित कर दी है।

## टिहरी में सबसे अधिक, चंपावत में सबसे कम परीक्षा केंद्र

प्रदेश में बनाए गए कुल 1,270 परीक्षा केंद्रों में 49 एकल और 1,221 मिश्रित परीक्षा केंद्र शामिल हैं। जिलेवार आंकड़ों के अनुसार टिहरी गढ़वाल में सबसे अधिक 136 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जबकि चंपावत जिले में सबसे कम 45 केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

## जनवरी में शुरू होंगी प्रयोगात्मक परीक्षाएं

बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 16 जनवरी से 15 फरवरी 2027 तक आयोजित की जाएंगी। इसके बाद 21 फरवरी से मुख्य लिखित परीक्षाओं का आयोजन होगा। सभी मुख्य परीक्षाएं एक ही पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक संपन्न कराई जाएंगी।

परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक और लिखित परीक्षाओं की तैयारी के लिए पर्याप्त समय दिया गया है। अब परीक्षार्थियों को निर्धारित समय के अनुसार अपनी तैयारी पूरी करनी होगी।

बोर्ड परीक्षाओं को व्यवस्थित और सुचारु ढंग से संपन्न कराने के लिए परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। प्रदेश के हजारों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी इन परीक्षाओं को लेकर शिक्षा विभाग और बोर्ड स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAVANI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *