देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। बुधवार को देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं और उनके समर्थकों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इनमें चकराता विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी दर्शन लाल डोभाल और सेवानिवृत्त पुलिस महानिरीक्षक (IG) अनन्तराम चौहान प्रमुख रूप से शामिल रहे।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत मौजूद रहे। पार्टी नेताओं ने नए सदस्यों का फूलमालाओं और कांग्रेस का पटका पहनाकर स्वागत किया।
कई प्रमुख नेताओं ने ग्रहण की कांग्रेस की सदस्यता
कांग्रेस में शामिल होने वालों में दर्शन लाल डोभाल, सेवानिवृत्त आईजी अनन्तराम चौहान, कैप्टन ताजवर सिंह नेगी, कैप्टन नारायण सिंह रावत, कैप्टन गंगा सिंह, कैप्टन हीरा बल्लभ पांडे, कैप्टन सोबन सिंह, जितेंद्र सिंह और शशांक भट्ट सहित अन्य लोग शामिल रहे।
नए सदस्यों ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रदेश नेतृत्व के प्रति विश्वास जताया। उन्होंने पार्टी संगठन को मजबूत बनाने के लिए काम करने की बात कही।
गणेश गोदियाल ने बेरोजगारी और पलायन के मुद्दे उठाए
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य में बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, पलायन और कानून व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का प्रभावी समाधान नहीं हो पाया है।
उन्होंने कहा कि रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के सामने चुनौतियां हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं की चिंताएं बढ़ाई हैं। गोदियाल ने महिला सुरक्षा, किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों से जुड़े मुद्दों पर भी राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना की।
उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस मजबूत विकल्प के रूप में जनता के बीच जाएगी।
प्रीतम सिंह ने संगठन को मजबूत करने की बात कही
प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता कांग्रेस की विचारधारा और राष्ट्रीय नेतृत्व की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी से जुड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नए सदस्यों के राजनीतिक और सामाजिक अनुभवों का उपयोग संगठन को मजबूत बनाने में किया जाएगा। प्रीतम सिंह ने विश्वास जताया कि नए नेताओं के आने से पार्टी को आगामी विधानसभा चुनाव में मजबूती मिलेगी।
हरक सिंह रावत बोले—एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस
प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने भी भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और पलायन जैसे मुद्दों को उठाते हुए कहा कि कांग्रेस इन विषयों को लेकर जनता के बीच जाएगी।
उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी एकजुट होकर मैदान में उतरेगी। उनके मुताबिक, नए नेताओं के शामिल होने से संगठन को मजबूती मिलेगी और पार्टी के राजनीतिक अभियान को नई गति मिलेगी।
आगे भी सदस्यता अभियान जारी रखने की तैयारी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि आने वाले समय में विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों से जुड़े अन्य नेता और कार्यकर्ता भी कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र, संविधान, सामाजिक सद्भाव और उत्तराखंड के विकास के लिए काम करने वाले लोगों का पार्टी में स्वागत है।
कार्यक्रम में विधायक लखपत सिंह बुटोला, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा, महामंत्री अभिषेक सिंह, राजेंद्र शाह, नवीन जोशी, विनोद चौहान, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, प्रदेश सचिव अमेंद्र बिष्ट, अखिलेश उनियाल, प्रशांत खंडूरी और नरेशानंद नौटियाल सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAYAVANI
