प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में मुख्यमंत्री ने टेका मत्था, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की

Spread the love

देहरादून। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, रेसकोर्स में आयोजित अखंड पाठ में सहभागिता कर मुख्यमंत्री ने मत्था टेका। इस दौरान उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख समाज की आस्था, सेवा, समर्पण और मानवता की भावना भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण पहचान है। सिख समाज की सेवा और त्याग की परंपरा हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा है। गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी समाज को समानता, भाईचारे, सद्भाव और मानव सेवा का संदेश देती हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सिख समाज की धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक विरासत से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को विशेष महत्व दिया गया है। इसी दिशा में पवित्र श्री हेमकुंड साहिब तक 12.4 किलोमीटर लंबे रोपवे के निर्माण के लिए 2,730 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे भविष्य में श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुगम और सुविधाजनक हो सकेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भी उत्तराखंड में स्थित गुरुद्वारों और सिख समाज से जुड़े धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के सम्मान, संरक्षण और विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश की धार्मिक विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिले तथा यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

इस अवसर पर उन्होंने गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश में शांति, सद्भाव और समृद्धि की कामना की।

रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAVANI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *