ऋषिकेश में अमेरिकी पर्यटक का सड़क पर हंगामा, चार पुलिसकर्मियों ने मशक्कत कर संभाला; AIIMS में भर्ती

ईक फ्रेम मे सभी फोटो अलग अलग
Spread the love

ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश के वीरभद्र रोड पर स्वामी राम साधक ग्राम आश्रम के बाहर एक अमेरिकी पर्यटक के सड़क पर हंगामा करने से अफरा-तफरी मच गई। 29 वर्षीय अमेरिकी नागरिक रॉबिन शोरोश की हरकतों से सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और यातायात भी प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद युवक को नियंत्रित किया। बाद में उसे उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया।

बीच सड़क पर करने लगा हंगामा

जानकारी के अनुसार, घटना सीमा डेंटल कॉलेज के पास स्थित स्वामी राम साधक ग्राम आश्रम के बाहर की है। बताया जा रहा है कि अमेरिकी पर्यटक नशे की हालत में सड़क के बीचोंबीच अशोभनीय हरकतें कर रहा था और राहगीरों को देखकर चिल्ला रहा था। अचानक हुई इस घटना से आसपास मौजूद लोग परेशान हो गए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद एम्स चौकी प्रभारी विनेश कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

चार पुलिसकर्मियों को करनी पड़ी मशक्कत

मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को समझाने और नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन वह काफी उग्र व्यवहार कर रहा था। स्थिति को देखते हुए पुलिसकर्मियों को उसे काबू करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बताया गया कि चार पुलिसकर्मियों की मदद से उसे नियंत्रित कर डायल 112 के वाहन में बैठाया गया।

इसके बाद पुलिस उसे मेडिकल परीक्षण के लिए राजकीय चिकित्सालय लेकर पहुंची।

AIIMS के मनोचिकित्सा विभाग में भर्ती

मेडिकल परीक्षण के दौरान युवक की मानसिक स्थिति को लेकर चिकित्सकों ने आगे जांच और उपचार की आवश्यकता जताई। इसके बाद उसे बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश के मनोचिकित्सा विभाग में भर्ती कराया गया। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है।

अमेरिकी दूतावास को दी गई सूचना

पुलिस और स्थानीय अभिसूचना इकाई (LIU) की ओर से अमेरिकी नागरिक के पासपोर्ट और अन्य पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। साथ ही, पूरे घटनाक्रम की जानकारी अमेरिकी दूतावास को भी दे दी गई है।

फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। युवक की स्थिति, ऋषिकेश पहुंचने के उद्देश्य और घटना से पहले की परिस्थितियों को लेकर भी आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। चिकित्सकीय जांच और आगे की कार्रवाई के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *