टिहरी के बौराड़ी स्टेडियम में हेलीकॉप्टर की एहतियाती लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित

टिहरी के बौराड़ी स्टेडियम में हेलीकॉप्टर की एहतियाती लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित
Spread the love

टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में शनिवार सुबह एक हेलीकॉप्टर की बौराड़ी स्टेडियम में एहतियाती लैंडिंग कराए जाने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी की आशंका के चलते पायलट ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्टेडियम में उतारने का फैसला लिया। राहत की बात यह रही कि हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोग सुरक्षित रहे।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हेलीकॉप्टर ट्रांस भारत एविएशन का था। यह देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड से मुंबई के पांच यात्रियों को लेकर गुप्तकाशी के रास्ते केदारनाथ धाम जा रहा था। उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या की आशंका होने पर पायलट ने टिहरी के बौराड़ी स्टेडियम में हेलीकॉप्टर उतारने का निर्णय लिया।

जिस समय हेलीकॉप्टर ने स्टेडियम में लैंडिंग की, उस दौरान वहां कई लोग मॉर्निंग वॉक कर रहे थे और बच्चे खेल रहे थे। अचानक हेलीकॉप्टर को स्टेडियम में उतरता देख लोगों में हलचल मच गई। हालांकि, सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।

रिपोर्टों के मुताबिक, पायलट ने इसे गंभीर आपात स्थिति के बजाय सुरक्षा की दृष्टि से की गई एहतियाती लैंडिंग बताया। हेलीकॉप्टर को स्टेडियम में उतारने के बाद उसकी तकनीकी स्थिति की जांच की गई और खराबी को दूर करने का प्रयास किया गया।

करीब 30 से 35 मिनट तक स्टेडियम में रुकने के बाद हेलीकॉप्टर ने दोबारा उड़ान भरी। घटना में किसी के घायल होने या जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। पायलट की सतर्कता और समय पर लिए गए निर्णय से संभावित जोखिम को टालने में मदद मिली।

रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAYAVANI