Spread the loveरुद्रप्रयाग। प्रसिद्ध तुंगनाथ ट्रेक पर रविवार शाम एक महिला यात्री अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा गणेश मंदिर के समीप करीब शाम 6:21 बजे हुआ। महिला के खाई में गिरने की सूचना मिलते ही SDRF, DDRF, पुलिस और आपदा मित्रों की टीमों ने मौके पर पहुंचकर Search and Rescue Operation शुरू किया। बताया गया कि हादसे के बाद काफी देर तक खाई से महिला के चिल्लाने की आवाजें सुनाई देती रहीं। इसके बाद रेस्क्यू टीमों ने रात के अंधेरे में खाई में उतरकर महिला की तलाश शुरू की। क्षेत्र की दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों, गहरी खाई और अंधेरे के कारण बचाव अभियान में टीमों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। सुरक्षा कारणों से रविवार रात करीब 12:30 बजे रेस्क्यू अभियान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। इसके बाद सोमवार सुबह मौसम और मौके की परिस्थितियों का जायजा लेने के बाद Search and Rescue Operation दोबारा शुरू किया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, रेस्क्यू टीमों द्वारा महिला की तलाश के लिए अभियान चलाया गया। महिला की पहचान और उसकी स्वास्थ्य स्थिति से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रशासन की ओर से जुटाई जा रही है। तुंगनाथ क्षेत्र में इस घटना के बाद ट्रेक पर सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम तेजी से बदलने के साथ ही कई स्थानों पर रास्ते के किनारे गहरी खाइयां हैं। ऐसे में यात्रियों से सुरक्षित स्थानों पर ही रुकने और फोटो अथवा Selfie लेते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की जाती है। रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAYAVANI Post Views: 53 Post navigation डोईवाला में ₹6 लाख की ज्वेलरी चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार तुंगनाथ ट्रेक पर खाई में गिरी महिला यात्री की मौत, सोमवार सुबह बरामद हुआ शव