Spread the loveदेहरादून। राजधानी देहरादून में मानसून का कहर जानलेवा साबित हो रहा है। प्रेम नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत लोअर कंडोली-पौंधा रोड पर कंडोली पुल के पास देर रात एक भीषण हादसा हो गया, जिसने पूरे शहर को दहला दिया। भारी मानसूनी बहाव के कारण एक क्रेटा कार नदी के तेज करंट में बह गई, जिसमें सवार तीन लोगों में से दो की दर्दनाक मौत हो गई।जानकारी के अनुसार यह हादसा 1 सितंबर की देर रात करीब 12 बजे के आसपास हुआ। क्रेटा कार संख्या RJ 13 CE 5641 लोअर कंडोली-पौंधा रोड स्थित कंडोली पुल को पार कर रही थी। बताया जा रहा है कि कार में एक युवक और दो युवतियां सवार थीं, जो यूपीईएस (UPES) के छात्र-छात्राएं थे। अचानक पहाड़ों पर हुई मूसलाधार बारिश के बाद बरसाती नाले में पानी का स्तर तेजी से बढ़ गया और देखते ही देखते सड़क पर नदी जैसा तेज बहाव आ गया।कार चालक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही पानी का तेज करंट कार को अपने साथ बहा ले गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की डाकपत्थर टीम अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।मौके पर पहुंचते ही SDRF जवानों ने बिना समय गंवाए, रात के अंधेरे और प्रतिकूल मौसम के बीच सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। बहाव इतना तेज था कि कार और उसमें सवार लोग घटनास्थल से काफी दूर बह गए थे।SDRF ने अथक प्रयास करते हुए सर्चिंग के दौरान घटनास्थल से लगभग 2 किलोमीटर दूर सहज पुत्री गुलशन बवेजा को घायल अवस्था में रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला तथा पुलिस के सुपुर्द किया। युवती को गंभीर चोटें आई हैं और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।लेकिन इस हादसे में दो लोगों की किस्मत ने साथ नहीं दिया। SDRF को सर्चिंग के दौरान दो शव भी बरामद हुए, जिनमें एक युवक और एक युवती शामिल है। दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। दोनों शवों को भी 2 किलोमीटर दूर से ही बरामद किया गया।पुलिस ने बताया कि बरसात में इस पुल पर अक्सर पानी आ जाता है, लेकिन सोमवार रात को बहाव अप्रत्याशित रूप से बहुत अधिक था। लगातार हो रही बारिश से बरसाती नदी-नाले उफान पर हैं।SDRF की अपील: SDRF और पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान बरसाती नालों, पुलों और निचले इलाकों से गुजरने से बचें। नदी के तेज बहाव को कम न आंकें। यदि पानी सड़क पर आ रहा हो तो वाहन को पार करने की कोशिश बिल्कुल न करें।इस घटना के बाद से पूरे प्रेमनगर, पौंधा और कंडोली क्षेत्र में दहशत का माहौल है। जिला प्रशासन ने भी लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। Post Views: 2 Post navigationहल्द्वानी शुद्धिकरण विवाद में नया मोड़: राहुल गांधी पर SC/ST एक्ट समेत कई धाराओं में FIR, उत्तराखंड में सियासी पारा हाई देहरादून के डालनवाला में आधी रात को फ्लैश फ्लड से हड़कंप, भगत सिंह कॉलोनी में सड़कें बनीं दरिया