देहरादून में पुलिस महकमे का बड़ा फेरबदल, 53 अधिकारी इधर-उधर
Spread the love

देहरादून। राजधानी देहरादून में कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त करने के लिए पुलिस महकमे में इस साल का सबसे बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने सोमवार को 53 निरीक्षक, उपनिरीक्षक और अपर उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। देहरादून पुलिस मीडिया सेल द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार सभी तबादले तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं और सभी अधिकारियों को अपनी नई तैनाती पर तुरंत कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस सूत्रों की मानें तो पिछले कुछ दिनों में शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बढ़ी चोरी, नशा और मारपीट की घटनाओं के बाद SSP लगातार थानों के प्रदर्शन की समीक्षा कर रहे थे। इसी के चलते यह बड़ा कदम उठाया गया है ताकि पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाया जा सके और थानों में प्रशासनिक संतुलन स्थापित किया जा सके।

इस फेरबदल में सबसे अहम बदलाव राजधानी के छह प्रमुख थानों में किया गया है। लंबे समय से पटेलनगर थाने के प्रभारी रहे इंस्पेक्टर विनोद गुसाईं को अब डालनवाला थाने का नया प्रभारी बनाया गया है। वहीं प्रेमनगर थाने से इंस्पेक्टर नरेश राठौर को पटेलनगर की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस कार्यालय में शिकायत प्रकोष्ठ संभाल रहे इंस्पेक्टर संतोष कुंवर को कैंट थाने का प्रभारी बनाया गया है। डालनवाला थाने से नरेन्द्र गहलावत को मसूरी और मसूरी से देवेंद्र चौहान को नेहरू कॉलोनी थाने भेजा गया है। सहसपुर के प्रभारी प्रदीप रावत को अब शिकायत प्रकोष्ठ की कमान दी गई है।

इसके अलावा छह अन्य थानों में नए थानाध्यक्षों की नियुक्ति भी की गई है। इसमें सबसे चर्चित नाम झाझरा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अमित शर्मा का है, जिन्हें प्रमोट कर बसंत विहार का थानाध्यक्ष बनाया गया है। क्लेमेन्टटाउन से मोहन सिंह को रायवाला, सेलाकुई से लोकपाल परमार को क्लेमेंटाउन, एसआईएस शाखा से गिरीश नेगी को प्रेमनगर, बसंत विहार से शैंकी कुमार को सेलाकुई और नेहरू कॉलोनी से मनोज नौटियाल को सहसपुर थाने का थानाध्यक्ष बनाया गया है।

सिर्फ थाने ही नहीं, पुलिस चौकियों में भी व्यापक बदलाव किया गया है। झाझरा में प्रधुमन नेगी, कुठालगेट में अरविन्द पंवार, सब्बावाला में प्रवीन सैनी, जाखन में वैभव गुप्ता, कुलहाल में सूरज कण्डारी और ऋषिकेश आईएसबीटी चौकी में मुकेश थलेडी को भेजा गया है। पंडितवाड़ी और हर्रावाला चौकी के प्रभारियों को भी आपस में बदला गया है।

महिला पुलिस अधिकारियों को भी इस बार महत्वपूर्ण थानों में तैनाती दी गई है। वदना नेगी को सहसपुर, रजनी चमोली को कोतवाली नगर, रश्मि रावत को मसूरी और अनीता बिष्ट को राजपुर थाने में भेजा गया है। अपर उपनिरीक्षक स्तर पर भी कई बदलाव किए गए हैं।

SSP ने इसी आदेश में 7 जुलाई को जारी दो पुराने तबादला आदेशों में संशोधन करते हुए मनवर नेगी का रायवाला से प्रेमनगर तबादला निरस्त कर उन्हें डोईवाला और महिला उपनिरीक्षक सुधा बिष्ट का सहसपुर से डोईवाला तबादला निरस्त कर उन्हें कैंट थाने में तैनात किया है।

पूरी 53 की लिस्ट: 1.विनोद गुसाईं-पटेलनगर से डालनवाला, 2.नरेश राठौर-प्रेमनगर से पटेलनगर, 3.संतोष कुंवर-शिकायत प्रकोष्ठ से कैंट, 4.नरेन्द्र गहलावत-डालनवाला से मसूरी, 5.देवेंद्र चौहान-मसूरी से नेहरू कॉलोनी, 6.प्रदीप रावत-सहसपुर से शिकायत प्रकोष्ठ, 7.मोहन सिंह-क्लेमेंटाउन से रायवाला, 8.लोकपाल परमार-सेलाकुई से क्लेमेंटाउन, 9.गिरीश नेगी-एसआईएस से प्रेमनगर, 10.शैंकी कुमार-बसंत विहार से सेलाकुई, 11.मनोज नौटियाल-नेहरू कॉलोनी से सहसपुर, 12.अमित शर्मा-झाझरा से बसंत विहार समेत कुल 53 अधिकारी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *