देहरादून। फिल्म जगत के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का गुरुवार 8 अक्टूबर 2026 को 75 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। गोवा स्थित अपने आवास पर उन्हें गंभीर हालत में पाया गया था। इसके बाद उन्हें मणिपाल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने करीब 45 मिनट तक उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन कार्डियक अरेस्ट के बाद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
नाना पाटेकर के निधन की खबर सामने आने के बाद फिल्म जगत में शोक की लहर है। उनके अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पुणे स्थित उनके फार्महाउस में की जाएगी और महाराष्ट्र सरकार की ओर से राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किए जाने की जानकारी सामने आई है।
उत्तराखंड से था खास जुड़ाव
नाना पाटेकर का उत्तराखंड से भी खास जुड़ाव रहा। वर्ष 2022 में वह चमोली जिले की नीती घाटी में फिल्म शूटिंग के सिलसिले में पहुंचे थे। लाता और मलारी क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और पहाड़ी जीवनशैली ने उन्हें काफी प्रभावित किया था।
शूटिंग के दौरान नाना पाटेकर ने उत्तराखंड के पहाड़ों में बसने और अपना आशियाना बनाने की इच्छा जताई थी। बताया जाता है कि देवभूमि का शांत वातावरण और यहां के लोगों की सादगी उन्हें पसंद आई थी।
उत्तराखंड यात्रा के दौरान उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड के प्राकृतिक वातावरण और यहां बसने की अपनी इच्छा का जिक्र किया था।
हालांकि, उनका यह सपना पूरा नहीं हो सका। जिस पहाड़ से उन्हें इतना लगाव हो गया था, वहां अपना घर बनाने की उनकी इच्छा अब अधूरी याद बनकर रह गई है।
पांच दशक से अधिक लंबे फिल्मी करियर में नाना पाटेकर ने हिंदी और मराठी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई। ‘परिंदा’, ‘क्रांतिवीर’, ‘अग्निसाक्षी’, ‘अब तक छप्पन’, ‘नटसम्राट’ और ‘वेलकम’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा। उन्हें तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।
अभिनय के अलावा नाना पाटेकर सामाजिक कार्यों से भी जुड़े रहे। उन्होंने ‘नाम फाउंडेशन’ के माध्यम से किसानों और सूखा प्रभावित क्षेत्रों के लिए काम किया।
नाना पाटेकर का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति है। वहीं उत्तराखंड से उनका जुड़ाव और पहाड़ों में अपना घर बनाने की अधूरी इच्छा देवभूमि से जुड़ी उनकी एक खास याद के रूप में हमेशा याद की जाएगी।
रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAYAVANI
