मोहब्बेवाला में 16 टायरा ट्रक पलटा, एक की मौत; दो गंभीर घायल
Spread the love

देहरादून। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर मोहब्बेवाला के पास सोमवार सुबह सीमेंट से लदा एक 16 टायरा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।

जानकारी के अनुसार हरियाणा नंबर का यह भारी ट्रक आशारोड़ी की तरफ से देहरादून की ओर आ रहा था। मोहब्बेवाला के पास अचानक ट्रक अनियंत्रित हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रक ने पहले एक बाइक सवार को टक्कर मारी। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक हाईवे की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 200 मीटर आगे जाकर सड़क पर पलट गया।

हादसे में जमील (50 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही क्लेमेंट टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया तथा घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।

ट्रक के पलटने से उसमें लदा सीमेंट सड़क पर बिखर गया। इसके चलते दिल्ली-देहरादून हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और सड़क पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने हाइड्रा क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सड़क से हटवाया। इसके बाद सड़क पर बिखरे सीमेंट को साफ कराया गया और यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया गया।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर ट्रक के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण बताया जा रहा है। घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।

रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAYAVANI