Spread the loveश्रीनगर। राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर (वीसीएसजी) के पैरामेडिकल इंटर्न छात्रों ने स्टाइपेंड की मांग को लेकर बुधवार से धरना शुरू कर दिया है। वर्ष 2022 बैच के इंटर्नशिप छात्रों ने इंटर्नशिप की पूरी छह माह की अवधि का स्टाइपेंड देने और ₹15 हजार प्रतिमाह भुगतान की मांग उठाई है। धरने पर बैठे छात्रों का कहना है कि इंटर्नशिप के दौरान वे नियमित रूप से अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। छात्रों के मुताबिक उनकी ड्यूटी सुबह आठ बजे से दोपहर 12 बजे तक रहती है। इसके अलावा उन्हें इमरजेंसी ड्यूटी भी करनी पड़ती है। छात्रों ने बताया कि रविवार और राजकीय अवकाश के दिनों में भी उनकी ड्यूटी लगाई जाती है। छात्रों का कहना है कि इंटर्नशिप उनके प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं में उनकी जिम्मेदारी रहती है और वे निर्धारित ड्यूटी के अनुसार सेवाएं देते हैं। इसके बावजूद स्टाइपेंड को लेकर उन्हें अपेक्षित भुगतान नहीं मिल रहा है। छात्रों ने कहा कि उनकी प्रमुख मांग इंटर्नशिप की पूरी छह माह की अवधि का स्टाइपेंड और ₹15 हजार प्रतिमाह भुगतान है। इसी मांग को लेकर उन्होंने बुधवार से शांतिपूर्ण धरना शुरू किया है। धरने पर बैठे छात्रों ने शासन-प्रशासन और मेडिकल कॉलेज प्रबंधन से मामले में जल्द हस्तक्षेप करने की मांग की है। उनका कहना है कि स्टाइपेंड को लेकर नियम और भुगतान की स्थिति स्पष्ट की जाए तथा पात्र छात्रों को नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित किया जाए। छात्रों ने कहा कि जब तक उनकी मांग पर उचित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक वे स्टाइपेंड के मुद्दे को लेकर अपनी आवाज उठाते रहेंगे। रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAYAVANI Post Views: 8 Post navigation मसूरी घूमने आए पर्यटकों की स्कॉर्पियो खाई में गिरी, पांचों सुरक्षित घनसाली में गदेरा के तेज बहाव में बहा सात वर्षीय आरव, नदी से मिला शव