Spread the loveघनसाली। तहसील घनसाली के ग्राम दोणी के पास मंगलवार शाम गदेरा के तेज बहाव में बहे सात वर्षीय बालक आरव का शव बुधवार सुबह नदी से बरामद कर लिया गया। बालक के बहने की सूचना के बाद से ही ग्रामीणों, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी। जानकारी के अनुसार, ग्राम दोणी निवासी आरव पुत्र अरविंद मंगलवार शाम गांव के पास खेल रहा था। इसी दौरान वह गदेरा के तेज बहाव की चपेट में आ गया और पानी के साथ बह गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बालक की तलाश शुरू की। ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को भी दी। सूचना मिलते ही घनसाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने ग्रामीणों के साथ मिलकर गदेरा और नदी के आसपास के क्षेत्र में खोज अभियान शुरू किया। रात होने के बावजूद बालक की तलाश में अभियान जारी रखा गया। तेज बहाव और अंधेरे के बीच टीमों को काफी सावधानी के साथ खोज करनी पड़ी। बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर नदी से बालक का शव बरामद कर लिया गया। शव मिलने की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। ग्रामीणों ने बरसात के दौरान गदेरों और नदी के आसपास बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज बारिश के दौरान पानी का बहाव अचानक बढ़ जाता है, ऐसे में नदी और गदेरों के आसपास विशेष सावधानी जरूरी है। रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAYAVANI Post Views: 8 Post navigation स्टाइपेंड की मांग को लेकर पैरामेडिकल इंटर्न छात्रों का धरना शुरू ऋषिकेश PWD गेस्ट हाउस की जमीन पर कांग्रेस का विरोध, सरकार से मांगा जवाब