135 दिन से धरने पर लैब टेक्नोलॉजिस्ट, सरकार को 20 दिन का अल्टीमेटम
Spread the love

देहरादून। राजधानी देहरादून के एकता विहार धरना स्थल पर मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट संघ उत्तराखंड का आंदोलन लगातार जारी है। संघ से जुड़े प्रशिक्षित बेरोजगार युवा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 135 से अधिक दिनों से धरने पर बैठे हैं। लंबे समय से चल रहे आंदोलन के बावजूद मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होने का आरोप लगाते हुए संघ ने अब सरकार को 20 दिन का अल्टीमेटम दिया है।

संघ के प्रदेश महासचिव मयंक राणा का आरोप है कि स्वास्थ्य मंत्री और मुख्यमंत्री की ओर से आश्वासन मिलने के बावजूद राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के माध्यम से सरकारी अस्पतालों की लैब को दोबारा टेंडर प्रक्रिया के जरिए निजी हाथों में सौंपने की तैयारी की जा रही है। संघ इसका विरोध कर रहा है।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकारी अस्पतालों की लैब में नियमित नियुक्तियां करने के बजाय आउटसोर्सिंग की व्यवस्था लागू करने से प्रशिक्षित लैब टेक्नोलॉजिस्ट के लिए रोजगार के अवसर प्रभावित होंगे। संघ ने सरकार से सरकारी अस्पतालों में आवश्यक पदों का सृजन कर नियमित भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है।

संघ की प्रमुख मांगों में IPHS मानकों के अनुरूप आवश्यक पदों का सृजन, ठेका व्यवस्था समाप्त कर वर्षवार मेरिट के आधार पर पारदर्शी भर्ती, लैब टेक्नीशियन सेवा नियमावली तैयार कर लागू करना और लंबे समय से भर्ती नहीं होने के कारण अधिकतम आयु सीमा पार कर चुके अभ्यर्थियों को एकमुश्त आयु सीमा में छूट देना शामिल है।

संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारी सचिवालय और दो बार मुख्यमंत्री आवास का कूच भी कर चुके हैं। उनके मुताबिक मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए, लेकिन शासन स्तर पर प्रस्तावित बैठकों की तारीखें लगातार टलती रहीं।

अब संघ के प्रदेश अध्यक्ष आशीष चंद्र खाली ने सरकार को 20 दिन का अंतिम समय देने की बात कही है। उनका कहना है कि यदि निर्धारित अवधि में मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो संघ दोबारा मुख्यमंत्री आवास कूच करेगा और आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

संघ ने आंदोलन के दौरान आत्मदाह जैसे कदम उठाने की चेतावनी भी दी है। हालांकि ऐसे किसी भी कदम से गंभीर जनहानि का खतरा हो सकता है। फिलहाल प्रदर्शनकारियों की मांगों और सरकार की ओर से प्रस्तावित कार्रवाई को लेकर स्थिति पर सभी की नजर बनी हुई है।

रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAYAVANI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *