किच्छा-सिरौली कलां निकाय चुनाव का ऐलान, 22 सितंबर को Voting
Spread the love

ऊधम सिंह नगर। उत्तराखंड में लंबे समय से अटके किच्छा और नवगठित सिरौली कलां नगर पालिका परिषद के चुनाव का रास्ता आखिरकार साफ होता नजर आ रहा है। राज्य निर्वाचन आयोग ने दोनों निकायों के लिए चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है। चुनाव कार्यक्रम सामने आते ही क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और संभावित प्रत्याशियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

आयोग के कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्रों की बिक्री 8 सितंबर 2026 से शुरू होगी, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 10 सितंबर निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया 11 से 15 सितंबर के बीच होगी। दोनों नगर पालिकाओं के लिए 22 सितंबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। वहीं 24 सितंबर को मतगणना और परिणाम घोषित किए जाएंगे।

डेढ़ साल से चुनाव का इंतजार

किच्छा और सिरौली कलां के मतदाता लंबे समय से निकाय चुनाव का इंतजार कर रहे थे। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद अब स्थानीय स्तर पर राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ गई हैं। प्रशासन ने भी चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। मतदाता सूची का पुनरीक्षण फरवरी 2026 में पूरा किया जा चुका है। इसमें 1 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र युवाओं को भी मतदाता सूची में शामिल किया गया है।

हाईकोर्ट में मामला पहुंचने से अटका था चुनाव

किच्छा और सिरौली कलां का निकाय चुनाव लंबे समय से कानूनी विवादों के कारण चर्चा में रहा है। वर्ष 2018 में किच्छा नगर पालिका के विस्तारीकरण के दौरान सिरौली कलां, बंडिया, देवरिया और आजाद नगर सहित कई क्षेत्रों को किच्छा पालिका में शामिल किया गया था।

इसके बाद सरकार ने सिरौली कलां ग्राम पंचायत को अलग नगर पालिका परिषद बनाने की अनंतिम अधिसूचना जारी की। इस फैसले के खिलाफ किच्छा निवासी नईमुल हुसैन और सिरौली कलां निवासी मोहम्मद याशीन समेत अन्य लोगों ने नैनीताल हाईकोर्ट का रुख किया।

याचिकाकर्ताओं की ओर से निकाय गठन और आरक्षण से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए गए। किच्छा नगर पालिका अध्यक्ष पद के आरक्षण को लेकर भी सवाल उठाए गए थे। वहीं सिरौली कलां के पक्षकारों की मांग थी कि क्षेत्र को किच्छा में ही रखा जाए और चुनाव कराए जाएं।

मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने सरकार और राज्य निर्वाचन आयोग से चुनाव को लेकर कई बार जवाब मांगा। 8 अप्रैल 2026 को अदालत ने चुनाव कराने की संभावित तारीख को लेकर 24 घंटे के भीतर जानकारी देने को कहा था। इसके बाद 21 अप्रैल 2026 को सचिव राज्य निर्वाचन आयोग को व्यक्तिगत रूप से पेश होने के निर्देश दिए गए थे। अदालत ने सिरौली कलां से जुड़े चार वार्डों के राजस्व रिकॉर्ड और जनसंख्या संबंधी आंकड़े भी तलब किए थे।

2027 से पहले सियासी सेमीफाइनल

अब राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव कार्यक्रम जारी किए जाने के बाद दोनों क्षेत्रों में सियासी मुकाबला तेज होने की संभावना है। किच्छा नगर पालिका अध्यक्ष पद को लेकर अनारक्षित की अनंतिम अधिसूचना पहले ही जारी की जा चुकी है।

किच्छा और सिरौली कलां दोनों ही ऊधम सिंह नगर की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। ऐसे में निकाय चुनाव के परिणाम को आगामी 2027 विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल का अहम संकेतक माना जा रहा है। अब नजर इस बात पर होगी कि कौन-कौन से चेहरे चुनाव मैदान में उतरते हैं और मतदाता किसके पक्ष में अपना फैसला सुनाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *