डोईवाला-ऋषिकेश में MDDA का बड़ा एक्शन, 25 बीघा अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त, 3 निर्माण सील
Spread the love

डोईवाला /देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने आज डोईवाला और ऋषिकेश क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने बिना नक्शा पास कराए विकसित की जा रही करीब 25 बीघा भूमि पर अवैध प्लॉटिंग को बुलडोजर से पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

डोईवाला में कहां चली JCB?

सबसे बड़ी कार्रवाई डोईवाला क्षेत्र में हुई। जानकारी के मुताबिक फतेहपुर, माजरीग्रांट और कुड़कावाला क्रशर पॉइंट के पास करीब 15 से 20 बीघा भूमि पर बिना लेआउट प्लान पास कराए कॉलोनियां काटी जा रही थीं। एमडीडीए ने पहले भी इस क्षेत्र में 40 बीघा अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ एक्शन लिया था और आज फिर से जेसीबी चलाकर बाउंड्री वॉल, सड़क और भूखंडों के निशान मिटा दिए गए।

ऋषिकेश में 3 भवन सील

इसी अभियान के तहत ऋषिकेश के विस्थापित क्षेत्र, निर्मल बाग और वीरभद्र रोड में नियमों का उल्लंघन कर बनाए जा रहे तीन निर्माणाधीन बहुमंजिला भवनों को सील किया गया है। ये निर्माण बिना मानचित्र स्वीकृति के किए जा रहे थे।

MDDA की लोगों से अपील

एमडीडीए के अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि सस्ते के चक्कर में अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं। कोई भी प्लॉट खरीदने से पहले एमडीडीए की वेबसाइट पर जाकर लेआउट स्वीकृत है या नहीं, यह जरूर जांच लें। प्राधिकरण ने साफ किया है कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

पछवादून और डोईवाला में अवैध कॉलोनियों का जाल तेजी से फैल रहा है, जिसे रोकने के लिए प्राधिकरण ने सेक्टरवार टीमें तैनात की हैं।

रिपोर्ट: अजय सेमल्टी, डोईवाला