देहरादून में तीन तलाक देकर हलाला का दबाव, पुलिस ने पति फरमान को किया गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। राजधानी देहरादून में पुलिस ने एक सनसनीखेज मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अपनी पत्नी को तीन तलाक देने और फिर दोबारा साथ रहने के लिए ‘हलाला’ जैसी गैर-कानूनी शर्त रखने का आरोप है। आरोपी की पहचान फरमान के रूप में हुई है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक पीड़ित महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मामूली घरेलू विवाद के बाद उसके पति ने उसे तीन तलाक दे दिया। कुछ दिन बाद जब महिला ने समझौते की बात की तो पति और उसके परिजनों ने उसके सामने हलाला करने की शर्त रख दी। महिला ने इसे कानून के खिलाफ बताते हुए इसका विरोध किया और सीधे पुलिस की शरण ली।

पुलिस ने इन धाराओं में किया केस दर्ज

शिकायत मिलते ही देहरादून पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मुस्लिम महिला (विवाह पर अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम, 2019 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि तीन तलाक अब कानूनन अपराध है और हलाला के नाम पर महिला पर दबाव बनाना भी गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।

परिवार की भूमिका की भी जांच

फिलहाल पुलिस सिर्फ पति तक ही सीमित नहीं है। इस पूरे मामले में परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी गहराई से जांच की जा रही है कि क्या उन्होंने भी महिला पर हलाला के लिए दबाव बनाने में साथ दिया था।

गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा तीन तलाक को असंवैधानिक घोषित किए जाने के बाद केंद्र सरकार ने इसके खिलाफ सख्त कानून बनाया है, जिसके तहत दोषी को 3 साल तक की सजा का प्रावधान है।

रिपोर्ट: अजय सेमल्टी, देहरादून