कालसी में पत्नी की हत्या, गर्दन और पीठ पर किए कई वार; पति फरार

कालसी में पत्नी की हत्या, गर्दन और पीठ पर किए कई वार; पति फरार
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून जिले की कालसी तहसील के कचटा गांव में घरेलू विवाद के दौरान 22 वर्षीय विवाहिता की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि मनोज ने अपनी पत्नी नीलम पर धारदार पाटल से कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी पति फरार हो गया। राजस्व पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनोज मजदूरी का काम करता है। बताया गया कि वह गुरुवार को भोजन करने घर आया था। उस समय वह दो मंजिला मकान की निचली मंजिल के कमरे में पत्नी नीलम के साथ था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर नीलम चिल्लाते हुए कमरे से बाहर निकल गई।

नीलम की आवाज सुनकर आरोपी की बहन और परिवार के अन्य सदस्य भी बाहर पहुंच गए। आरोप है कि मनोज भी उसके पीछे बरामदे में आया और वहां नीलम को पकड़कर धारदार पाटल से हमला कर दिया। उसने नीलम की गर्दन, पीठ और बगल पर कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण नीलम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

शोर सुनकर मौके पर पहुंचे परिजन

घटना के समय आरोपी की मां घर के पास खेत में काम कर रही थी। शोर सुनकर वह भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी अपने छोटे बेटे संजय को दी। इसके बाद परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह फरार होने में सफल रहा।

दो साल पहले हुई थी शादी

मृतका नीलम लखवाड़ क्षेत्र के धींगा गांव निवासी की पुत्री थीं। उनका विवाह करीब दो वर्ष पहले मनोज से हुआ था। दंपती की कोई संतान नहीं थी।

हत्या का मुकदमा दर्ज, तलाश जारी

नायब तहसीलदार राजेंद्र लाल के अनुसार, घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किया गया पाटल बरामद कर लिया गया है। आरोपी के भाई संजय की शिकायत पर हत्या और अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रारंभिक जानकारी में घटना का कारण घरेलू विवाद बताया जा रहा है। पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उसकी तलाश कर रही है।

रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAYAVANI