हरिद्वार में IB के SP पर ड्राइवर ने चलाई गोली, माथे के पास से निकली; आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार में IB के SP पर ड्राइवर ने चलाई गोली, माथे के पास से निकली; आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के कनखल क्षेत्र में शनिवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के एसपी सीपी नौटियाल पर उनके ही अस्थायी ड्राइवर ने तमंचे से गोली चला दी। गोली अधिकारी के माथे के पास से छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान विनोद नेगी के रूप में हुई है, जो एसपी सीपी नौटियाल के अस्थायी ड्राइवर के तौर पर काम कर रहा था। शनिवार को कनखल क्षेत्र में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। इसी दौरान आरोपी ने तमंचे से एसपी पर फायरिंग कर दी। गोली उनके माथे के पास से निकल गई और वह घायल हो गए।

रामकृष्ण मिशन अस्पताल से AIIMS ऋषिकेश रेफर

घटना के तुरंत बाद घायल अधिकारी को कनखल स्थित रामकृष्ण मिशन अस्पताल (बंगाली अस्पताल) ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद बेहतर चिकित्सा जांच और निगरानी के लिए उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और वह खतरे से बाहर हैं।

अवैध तमंचे के साथ आरोपी गिरफ्तार

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई। हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। कनखल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विनोद नेगी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया अवैध तमंचा भी बरामद किया है।

काम के दबाव और नाराजगी को बताया जा रहा संभावित कारण

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एसपी और उनके अस्थायी ड्राइवर के बीच पिछले कुछ समय से अनबन चल रही थी। बताया जा रहा है कि काम के दबाव और आपसी नाराजगी के चलते आरोपी ने इस घटना को अंजाम दिया। हालांकि, हमले के पीछे की वास्तविक वजह का पता पुलिस की विस्तृत पूछताछ और जांच के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसके पास अवैध हथियार कहां से आया और उसने इस वारदात की योजना किस तरह बनाई।

इस घटना ने एक बार फिर अधिकारियों की सुरक्षा और उनके साथ तैनात कर्मचारियों के सत्यापन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAVANI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *