Haridwar News: 10 हजार की रिश्वत लेते महिला ASI गिरफ्तार

Haridwar News: 10 हजार की रिश्वत लेते महिला ASI गिरफ्तार
Spread the love

हरिद्वार। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस ने कार्रवाई करते हुए रानीपुर कोतवाली में तैनात एक महिला सहायक उपनिरीक्षक (ASI) को कथित तौर पर 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महिला पुलिसकर्मी दूसरे पक्ष के साथ चल रहे लेनदेन के विवाद में समझौता कराने के एवज में रिश्वत मांग रही थी।

1064 पर शिकायत के बाद बिछाया जाल

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए जारी टोल फ्री नंबर 1064 पर संपर्क कर महिला एएसआई के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि विवाद का निपटारा कराने और समझौता करवाने के बदले 10 हजार रुपये मांगे जा रहे हैं।

शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने मामले की जांच की। इसके बाद सतर्कता टीम ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।

रिश्वत की रकम लेते ही कार्रवाई

जानकारी के मुताबिक, शनिवार, 10 अक्टूबर को विजिलेंस टीम ने हरिद्वार में कार्रवाई करते हुए महिला एएसआई को कथित तौर पर 10 हजार रुपये लेते हुए पकड़ लिया। महिला एएसआई की तैनाती रानीपुर कोतवाली में बताई गई है, जबकि गिरफ्तारी शहर कोतवाली क्षेत्र में हुई।

बताया गया कि सर्वपितृ अमावस्या के अवसर पर महिला एएसआई की ड्यूटी शहर कोतवाली क्षेत्र में लगी थी। इसी दौरान शिकायतकर्ता को कथित तौर पर रिश्वत की रकम देने के लिए बुलाया गया था।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई

मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आई है। विजिलेंस की कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।

भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतों के लिए उत्तराखंड में टोल फ्री नंबर 1064 उपलब्ध है।

रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAYAVANI