देहरादून। स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (SRHU) में एसोसिएशन ऑफ रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट्स ऑफ इंडिया (AROI) के नॉर्थ जोन का 30वां वार्षिक सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में देशभर से करीब 180 से 200 कैंसर विशेषज्ञों, चिकित्सकों, शिक्षकों, शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान कैंसर उपचार की आधुनिक तकनीकों, वैज्ञानिक शोध और मरीजों को बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
‘विवादों से सहमति की ओर’ रहा सम्मेलन का विषय
‘From Controversies to Consensus: Bridging Evidence, Experience and Innovation in Oncology’ यानी ‘विवादों से सहमति की ओर: कैंसर चिकित्सा में साक्ष्य, अनुभव और नवाचार के बीच सेतु’ विषय पर आधारित इस सम्मेलन का मार्गदर्शन एसआरएचयू के अध्यक्ष डॉ. विजय धस्माना ने किया।
उद्घाटन सत्र में डॉ. प्रसाद वाडेगांवकर, डॉ. ए.के. देवारी, डॉ. विजेंद्र डी. चौहान, डॉ. सुनील सैनी, डॉ. मनोज गुप्ता, डॉ. विपुल नौटियाल, डॉ. दीपक अबरोल और डॉ. प्रदीप गर्ग सहित चिकित्सा क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण डॉ. बी.डी. गुप्ता मेमोरियल ओरैशन रहा, जिसे डॉ. नीरज जैन ने प्रस्तुत किया।
कैंसर उपचार की नई तकनीकों पर विशेषज्ञों ने रखे विचार
वैज्ञानिक सत्रों में सिर एवं गर्दन के कैंसर, एडैप्टिव रेडियोथेरेपी, दोबारा रेडिएशन देने की प्रक्रिया (री-इरैडिएशन), सटीक उपचार पद्धतियों और साक्ष्य आधारित मरीज देखभाल जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने आधुनिक तकनीकों और चिकित्सकीय अनुभवों के समन्वय से कैंसर उपचार को अधिक प्रभावी बनाने के तरीकों पर विचार साझा किए।
सम्मेलन में शोध और अकादमिक गतिविधियों को भी विशेष महत्व दिया गया। कुल 51 पोस्टर प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। इनमें से पांच उत्कृष्ट शोध प्रस्तुतियों का चयन मौखिक प्रस्तुति के लिए किया गया, जिससे युवा शोधकर्ताओं और चिकित्सा विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
शोध और चिकित्सा शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
सम्मेलन ने कैंसर विशेषज्ञों के बीच बहुविषयक संवाद, शोध के आदान-प्रदान और वैज्ञानिक निष्कर्षों को मरीजों के वास्तविक उपचार से जोड़ने का अवसर प्रदान किया। आयोजन को उत्तराखंड में चिकित्सा शिक्षा और कैंसर उपचार के क्षेत्र में अकादमिक सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
एसआरएचयू की ओर से आयोजित इस सम्मेलन ने कैंसर चिकित्सा में नवीनतम शोध, अनुभव और तकनीकी नवाचारों को साझा करने के लिए राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराया।
