देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार, 19 नवंबर को देहरादून के मालसी स्थित चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के नवनिर्मित बाड़े का लोकार्पण किया। इसके साथ ही पहली बार उत्तराखंड के किसी चिड़ियाघर में पर्यटकों को नीली आंखों वाले दुर्लभ सफेद बाघ को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।
ग्वालियर से लाया गया तेजस
करीब ढाई वर्ष के सफेद बाघ तेजस को 28 सितंबर 2026 को मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित गांधी जूलॉजिकल पार्क से देहरादून लाया गया था। इसके लिए करीब 556 किलोमीटर का सफर तय किया गया। वन्यजीव आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (CZA) की अनुमति से देहरादून चिड़ियाघर के पांच वर्षीय नर रॉयल बंगाल टाइगर ‘भोला’ को ग्वालियर भेजा गया है।
क्वारंटाइन के बाद पर्यटकों के लिए खुला बाड़ा
देहरादून पहुंचने के बाद तेजस को एक महीने से अधिक समय तक क्वारंटाइन में रखा गया। इस दौरान पशु चिकित्सकों की निगरानी में उसकी सेहत और नए वातावरण में ढलने की प्रक्रिया पर विशेष ध्यान दिया गया। अब उसे पर्यटकों के दीदार के लिए उपलब्ध करा दिया गया है।
कॉलेज विद्यार्थियों को मुफ्त प्रवेश
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की कि स्कूली बच्चों के बाद अब कॉलेज में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी देहरादून चिड़ियाघर में निःशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को वन्यजीवों, जैव विविधता और प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
इस अवसर पर वन मंत्री सुबोध उनियाल और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सफेद बाघ तेजस के आने से देहरादून चिड़ियाघर का आकर्षण बढ़ेगा। इससे वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ने के साथ ही पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
अब देहरादून आने वाले पर्यटक मालसी स्थित चिड़ियाघर में सफेद बाघ तेजस को देख सकेंगे।
रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAVANI
