देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने टिहरी जिले में अपने संगठन को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। जौनपुर ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। बुधवार, 18 नवंबर को देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत किया।
सीता पंवार ने थामा भाजपा का दामन
धनौल्टी विधायक प्रीतम पंवार के प्रयासों से जौनपुर ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार भाजपा में शामिल हुईं। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि सीता पंवार के पार्टी में शामिल होने के साथ ही टिहरी जिले के सभी नौ विकासखंडों के ब्लॉक प्रमुख अब भाजपा से जुड़ गए हैं।
कई जनप्रतिनिधियों ने ली सदस्यता
सदस्यता कार्यक्रम में जौनपुर की कनिष्ठ प्रमुख मंजू पंवार, जिला पंचायत सदस्य दीक्षा नेगी, सात क्षेत्र पंचायत सदस्य और करीब एक दर्जन ग्राम प्रधानों ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी इसे आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन की मजबूती के रूप में देख रही है।
2027 चुनाव की तैयारी तेज
इधर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा भी की। पार्टी की रणनीति के तहत सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारियों की नियुक्ति और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
टिकट के लिए होगी रायशुमारी
विधानसभा चुनाव 2027 में प्रत्याशियों के चयन को लेकर भाजपा नई प्रक्रिया अपनाने की तैयारी में है। इसके तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में तीन सदस्यीय कमेटी बनाई जाएगी। टिकट के दावेदारों की मजबूती और कार्यकर्ताओं की राय के आधार पर प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
इसके साथ ही पार्टी एक महीने के भीतर राज्य सरकार के कार्यों का रिपोर्ट कार्ड जारी करने की तैयारी में है। प्रदेश अध्यक्ष ने आगामी चुनाव में 65 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य दोहराते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।
रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAVANI
