नेपाली फार्म के पास चलती रोडवेज बस में लगी आग, 33 यात्री सुरक्षित

नेपाली फार्म के पास चलती रोडवेज बस में लगी आग, 33 यात्री सुरक्षित
Spread the love

रायवाला। हरिद्वार से देहरादून जा रही उत्तराखंड परिवहन निगम की एक चलती रोडवेज बस में गुरुवार दोपहर करीब 2:15 बजे नेपाली फार्म के पास अचानक आग लग गई। बस में आग लगते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि चालक की सूझबूझ से बस में सवार सभी 33 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।

बैटरी या वायरिंग में शॉर्ट सर्किट की आशंका

जानकारी के अनुसार, रोडवेज बस संख्या UK07PA 4358 हरिद्वार से देहरादून की ओर जा रही थी। इसी दौरान रायवाला थाना क्षेत्र के नेपाली फार्म के पास बस से अचानक धुआं उठने लगा। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस की बैटरी या वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

धुआं दिखाई देते ही चालक ने तत्काल बस को सड़क किनारे रोक दिया और यात्रियों को नीचे उतरने के लिए कहा। देखते ही देखते आग ने बस को अपनी चपेट में ले लिया।

मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम

घटना की सूचना मिलते ही नेपाली फार्म चौकी की पुलिस, हाईवे अथॉरिटी के टैंकर और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।

आधे घंटे तक प्रभावित रहा हाईवे

बस में आग लगने की घटना के कारण देहरादून-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली और आग बुझाने के बाद वाहनों की आवाजाही सामान्य कराई।

रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAVANI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *