टिहरी पुलिस ने बचाई जान, जांच में निकले बाइक चोर; 24 घंटे में दोनों आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

दैनिक प्रभातवाणी | टिहरी गढ़वाल

टिहरी जिले की घनसाली पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता और कुशल पुलिसिंग का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। खास बात यह रही कि जिन दो युवकों की सड़क दुर्घटना के बाद पुलिस ने जान बचाई, वही बाद में मोटरसाइकिल चोरी के आरोपी निकले।

जानकारी के अनुसार चम्पुवा मंदिर के पास सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने पर थाना घनसाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। दुर्घटना में घायल दो युवकों को पुलिस ने बिना समय गंवाए अस्पताल पहुंचाया और उनके उपचार की व्यवस्था कराई। प्रारंभिक तौर पर मामला सामान्य सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा था, लेकिन पुलिस की जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।

पुलिस द्वारा दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल की जांच की गई तो पता चला कि वाहन चोरी का है। आगे की पड़ताल में दोनों घायल युवक उसी चोरी की वारदात में शामिल पाए गए। बताया जा रहा है कि आरोपी चोरी की बाइक लेकर ऋषिकेश की ओर भाग रहे थे, तभी रास्ते में दुर्घटना का शिकार हो गए।

जांच के दौरान पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही दोनों आरोपी उपचार के लिए ले जाए गए एम्स ऋषिकेश से फरार हो गए। इसके बाद घनसाली पुलिस ने विशेष टीम गठित कर उनकी तलाश शुरू की। सुरागरसी, पतारसी और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने लगातार प्रयास करते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई को क्षेत्र में पुलिस की संवेदनशीलता और दक्षता के उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है। एक ओर पुलिस ने घायल युवकों की जान बचाने में मानवता का परिचय दिया, वहीं दूसरी ओर त्वरित जांच और प्रभावी कार्रवाई के जरिए चोरी की वारदात का भी खुलासा कर दिया।

घनसाली पुलिस की इस कार्रवाई की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है।