Spread the loveहरिद्वार। ज्वालापुर क्षेत्र के ईदगाह रोड पर मंगलवार को दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। घर के बाहर दादी के साथ खेल रही 11 महीने की जुड़वां बच्चियों में से एक को एक नशेड़ी युवक गोद में उठाकर फरार हो गया। घटना के वक्त बच्चियों की दादी घर के अंदर सामान रखने गई थीं, और इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।जानकारी के अनुसार यह मामला कोतवाली ज्वालापुर क्षेत्र के ईदगाह रोड स्थित दीक्षा राइजिंग स्कूल के सामने का है। बताया जा रहा है कि 11 महीने की जुड़वां बच्चियां अपनी दादी के साथ घर के बाहर बैठकर खेल रही थीं। बच्चियों की दादी कुछ सामान रखने के लिए दो मिनट के लिए घर के अंदर गईं। घर के बाहर ही पास में एक युवक पहले से बैठा हुआ था, जो नशे का आदी बताया जा रहा है।दादी के अंदर जाते ही आरोपी ने मौका देखकर एक बच्ची को गोद में उठाया और तेजी से गली की तरफ भाग गया। जब दादी वापस बाहर लौटीं तो एक बच्ची को गायब देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने शोर मचाया तो परिवार में कोहराम मच गया और पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी फैल गई।घटना की सूचना तुरंत ज्वालापुर कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्ची की तलाश शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सभी CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज में एक युवक बच्ची को गोद में लेकर जाते हुए साफ दिखाई दे रहा था, जिसके बाद पुलिस ने उसकी पहचान के प्रयास तेज कर दिए। सोशल मीडिया पर भी यह खबर आग की तरह फैल गई और स्थानीय युवा भी बच्ची की खोज में जुट गए।कुछ ही देर बाद सुभाषनगर की गली नंबर A-10 से राहत भरी खबर आई। वहां एक डेयरी संचालक को एक संदिग्ध युवक के पास छोटी बच्ची को देखकर शक हुआ। जब उसने सख्ती से पूछताछ की तो युवक हड़बड़ा गया। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को दबोच लिया। बच्ची को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया, तब जाकर परिवार और पुलिस ने राहत की सांस ली।ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि, “आरोपी नशे का आदी है। वह बच्ची के पास बैठा था। बच्ची की दादी के घर के अंदर जाते ही आरोपी बच्ची को गोद में उठा कर चला गया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और बच्ची को सकुशल परिजनों को सौंप दिया गया है।” पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है कि उसने बच्ची को क्यों उठाया था।इस घटना ने एक बार फिर ज्वालापुर क्षेत्र में नशे की लत और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में नशेड़ी युवकों का जमावड़ा लगा रहता है, जिस पर पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं इस मामले से जुड़ा CCTV वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। Post Views: 2 Post navigationदेहरादून में Digital Arrest का साया: फर्जी CBI-ED बनकर लूट रहे करोड़ों, जानिए कैसे बचें इस नए साइबर जाल से काशीपुर में मासूम से दरिंदगी, ई-रिक्शा चालक पर पॉक्सो केस