Spread the loveडोईवाला। डोईवाला में आपदा के दौरान टूटा पुल आज भी अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। एक साल बीत जाने के बाद भी नया पुल नहीं बन पाया है, जिससे गुस्साए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अब सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। HIMALAVANI की टीम जब मौके पर पहुंची तो देखा कि पुल टूटने से लोगों की परेशानी कितनी बढ़ गई है। कांग्रेस कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठे थे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। मौके पर मौजूद कांग्रेस नेताओं ने HIMALAVANI को बताया कि पिछले साल आपदा में ये पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। तब सरकार ने जल्द निर्माण का वादा किया था, लेकिन एक साल बाद भी ईंट तक नहीं लगी है। आरोप है कि सरकार ने डोईवाला क्षेत्र की पूरी तरह से उपेक्षा कर दी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पुल टूटने से सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों और महिलाओं को हो रही है। लोगों को कई किलोमीटर का चक्कर लगाकर आना-जाना पड़ रहा है। बारिश में तो हालत और खराब हो जाती है। एक बुजुर्ग ने HIMALAVANI से भावुक होते हुए कहा – “हमारे बच्चे रोज जान जोखिम में डालकर नदी पार कर स्कूल जाते हैं, अगर कल को कोई बड़ा हादसा हो गया तो इसका जिम्मेदार कौन होगा?” HIMALAVANI ने मौके पर देखा कि पुल के दोनों तरफ कोई सुरक्षा दीवार या चेतावनी बोर्ड तक नहीं लगा है, जो सबसे बड़ी लापरवाही है। रात के समय यहां हादसे का डर हमेशा बना रहता है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने कई बार प्रशासन और लोक निर्माण विभाग को ज्ञापन दिया, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। अब जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो उन्हें धरना प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ा। धरने पर बैठे नेताओं ने साफ कहा कि जब तक नया पुल बनाने का काम शुरू नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द काम शुरू नहीं हुआ तो वे देहरादून में भी बड़ा प्रदर्शन करेंगे। इस बारे में जब लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने बताया कि पुल का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है और बजट मिलते ही काम शुरू कर दिया जाएगा। फिलहाल डोईवाला का ये टूटा पुल सरकारी सिस्टम की लापरवाही की कहानी खुद बयां कर रहा है। लोगों को उम्मीद है कि कांग्रेस के इस हल्ला बोल के बाद शायद सरकार की नींद खुले और उनके पुल का निर्माण जल्द शुरू हो। रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAVANI Post Views: 9 Post navigation डोईवाला के अठूरवाला में बनेगी टिहरी घंटाघर की प्रतिकृति, सीएम ने दी 97 लाख की मंजूरी Doiwala Police Action: तमंचे पर स्कूटी लूटने वाले 2 गिरफ्तार