डोईवाला में ₹6 लाख की ज्वेलरी चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

डोईवाला। केशवपुरी बस्ती में सूने घर का ताला तोड़कर करीब ₹6 लाख के सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले का डोईवाला पुलिस ने तेजी से खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी किए गए आभूषणों की शत-प्रतिशत बरामदगी का दावा किया है।

जानकारी के अनुसार केशवपुरी बस्ती निवासी टीना राय के घर में चोरी की वारदात हुई थी। बताया गया कि घर के सूने होने का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर रखी अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना की शिकायत मिलने के बाद डोईवाला कोतवाली पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही आरोपियों की पहचान और तलाश के लिए स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पुलिस को मिले सुरागों के आधार पर टीम ने एसडीएम डिग्री कॉलेज के पास स्थित यात्री प्रतीक्षालय पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कार्तिक (24 वर्ष), निवासी केशवपुरी, डोईवाला और शिवम (20 वर्ष), निवासी चंद्रेश्वर नगर, ऋषिकेश के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे नशे और जुए के आदी हैं और अपनी इन आदतों के लिए पैसे जुटाने के उद्देश्य से चोरी की योजना बनाई थी। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सभी सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए गए हैं।

दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब उनके आपराधिक इतिहास और अन्य वारदातों में संभावित संलिप्तता की जानकारी भी जुटा रही है।

रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAYAVANI